Site icon News1India

तप रही है दिल्ली-NCR.. मौसम विभाग का अलर्ट जारी, पारा 45 डिग्री के पार! लोगों को घर में रहने की सलाह

Heatwave

Heatwave: राजधानी दिल्ली और एनसीआर इस समय जबरदस्त गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में यहां का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसी को देखते हुए सोमवार और मंगलवार के लिए दिल्ली-एनसीआर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि तापमान अगले चार दिनों तक इसी ऊंचे स्तर पर बना रहेगा जिससे फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरा उत्तर भारत इस समय तेज गर्मी से झुलस रहा है। जम्मू-कश्मीर में आगामी तीन दिनों के लिए हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब और हरियाणा में चार दिनों तक हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। राजस्थान की स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है। पश्चिमी राजस्थान में गर्म हवाओं के साथ-साथ ‘वॉर्म नाइट’ यानी रातों में भी अधिक गर्मी की चेतावनी दी गई है जहां अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग का अलर्ट जारी 

पूर्वी राजस्थान में भीषण गर्मी (Heatwave) को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश भी लू के प्रभाव से अछूते नहीं हैं। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के साथ-साथ उत्तर मध्य प्रदेश में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान धूल भरी आंधी चल सकती है। जहां एक ओर उत्तर भारत गर्मी की मार झेल रहा है वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत में मानसून ने दस्तक दे दी है।

यह भी पढ़े: 46 फ्लॉप के बाद… 8 मिनट की एंट्री और हर मिनट कमाएं इतने करोड़.. जानें कौन है वो एक्टर

तीन-चार दिनों बाद मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के अनुसार केरल और कर्नाटक सहित दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में 10 से 12 जून के बीच तेज बारिश होने की संभावना है। हालांकि दिल्ली में मानसून के आगमन को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अनुमान जताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से उत्तर भारत में अगले तीन से चार दिनों में कुछ राहत मिल सकती है और तापमान में थोड़ी गिरावट देखी जा सकती है।

Exit mobile version