IDBI Bank Strike: IDBI बैंक के ग्राहकों को 2 और 3 नवंबर को बैंकिंग सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बैंक के कर्मचारी और अधिकारी संगठनों ने निजीकरण के विरोध में दो दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इसके चलते बैंक की शाखाओं में नकदी जमा करने, निकालने और दूसरे जरूरी काम प्रभावित हो सकते हैं। बैंक ने ग्राहकों को पहले ही जरूरी लेनदेन निपटाने की सलाह दी है।
हालांकि, ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग, एटीएम और कस्टमर सर्विस पॉइंट (CSP) चालू रहेंगे।
ATM और डिजिटल बैंकिंग से कर सकेंगे लेनदेन
IDBI बैंक ने 31 अक्टूबर को जारी ग्राहक एडवाइजरी में बताया कि Go Mobile+, इंटरनेट बैंकिंग और UPI जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा बैंक के ATM और कस्टमर सर्विस पॉइंट भी चालू रखे जाएंगे।
बैंक ने यह भी कहा है कि 2 और 3 नवंबर के दौरान दूसरे बैंकों के ATM से नकदी निकालने पर शुल्क नहीं लगेगा। हालांकि, ATM में नकदी की उपलब्धता स्थानीय स्थिति पर निर्भर कर सकती है। इसलिए ग्राहकों को शाखा से जुड़े जरूरी काम पहले ही पूरे कर लेने चाहिए।
निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों की हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ IDBI ऑफिसर्स एंड एम्प्लॉइज (UFIOE) ने बैंक के निजीकरण के विरोध में 2 और 3 नवंबर को देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि बैंक की हिस्सेदारी बेचने से उसके सार्वजनिक क्षेत्र के स्वरूप पर असर पड़ सकता है।
संगठन नौकरी की सुरक्षा, वेतन, पेंशन और मौजूदा कर्मचारियों की सेवा शर्तों को लेकर भी चिंतित हैं। उनकी मांग है कि सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की बैंक में कुल हिस्सेदारी कम से कम 51 प्रतिशत बनी रहे।
Fairfax को रणनीतिक खरीदार चुना गया
केंद्र सरकार और LIC की IDBI बैंक में कुल 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें सरकार की 30.48 प्रतिशत और LIC की 30.24 प्रतिशत हिस्सेदारी शामिल है।
14 अक्टूबर को वित्त मंत्रालय ने कनाडा की Fairfax Financial Holdings की पूर्ण स्वामित्व वाली सहयोगी कंपनी 10955230 Canada Inc. को इस सौदे के लिए रणनीतिक खरीदार घोषित किया। इसके लिए करीब 52,878 करोड़ रुपये की कीमत तय हुई है। हालांकि, सौदा पूरा होने के लिए जरूरी नियामकीय मंजूरियां अभी बाकी हैं।
ग्राहकों को क्या करना चाहिए?
अगर आपको चेक जमा करना है, बैंक शाखा से नकदी लेनी है या दस्तावेजों से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, तो पहले ही इसकी व्यवस्था कर लें। हड़ताल के दौरान शाखाओं में सेवाएं कर्मचारियों की भागीदारी के आधार पर प्रभावित हो सकती हैं। जरूरत पड़ने पर Go Mobile+, नेट बैंकिंग, UPI और ATM का इस्तेमाल किया जा सकता है।













