Site icon News1India

Income Tax Raid in Hapur: हापुड़ में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई व्यापारियों के ठिकानों पर छापा

Income Tax Raid in Hapur: हापुड़ जिले में सोमवार सुबह शुरू हुई आयकर विभाग की छापेमारी मंगलवार को भी जारी रही। यह कार्रवाई दिल्ली से आई विशेष टीम द्वारा की जा रही है। बताया गया कि यह रेड मीट कारोबारी हाजी यासीन, दाना व्यापारी असलम कुरैशी, कर अधिवक्ता नितिन गर्ग और उनके भाई गौरव सहित छह से अधिक जगहों पर केंद्रित रही।।सूत्रों के मुताबिक, टीम को टैक्स चोरी से जुड़ी करोड़ों रुपये की अनियमितताओं का पता चलने की संभावना है। इसमें फर्जी कागजात, गलत निर्यात सौदे और शेल कंपनियों के जरिए धन छिपाने के सबूत मिल सकते हैं। हाजी यासीन के हरियाणा, मुंबई और बुलंदशहर में भी ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई चल रही है। छापे में लगभग 250 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।

सुबह से रात तक जांच, दस्तावेजों की छानबीन

सोमवार सुबह करीब सात बजे दिल्ली से निकली आयकर विभाग की 50 सदस्यीय टीम हापुड़ पहुंची और पुलिस बल के साथ मिलकर अचानक छापा मारा। टीम ने सबसे पहले बुलंदशहर रोड स्थित ईदगाह रोड पर मीट व्यापारी हाजी यासीन के पुराने घर और दफ्तर पर दस्तावेजों की जांच शुरू की। हाजी यासीन मीट निर्यात के क्षेत्र में बड़ा नाम माने जाते हैं। उनकी गाजियाबाद स्थित फैक्ट्री पर भी समानांतर जांच जारी है। वहीं, आवास विकास कॉलोनी में दाना व्यापारी असलम कुरैशी के घर पर भी रेड हुई, क्योंकि उनका नाम मीट कारोबारी से जुड़ा बताया जा रहा है।

श्रीनगर मोहल्ले में कर अधिवक्ता और टैक्स बार एसोसिएशन के सचिव नितिन गर्ग के घर पर भी टीम पहुंची। बताया जाता है कि वे हाजी यासीन के कानूनी सलाहकार हैं। इसके साथ ही, उनके भाई गौरव गर्ग के आवास पर भी जांच हुई। रातभर पूछताछ और दस्तावेजों की पड़ताल जारी रही। टीम ने संदिग्ध लेन-देन से जुड़े कई कागजात जब्त किए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह तो सिर्फ शुरुआत है। फर्जी बिलिंग और टैक्स बचाने के बड़े रैकेट का खुलासा जल्द हो सकता है।

टीम की सख्ती, कर्मचारियों ने साधी चुप्पी

मंगलवार को भी टीम ने सभी ठिकानों पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। किसी को भी अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस की तैनाती हर जगह कड़ी रही। मीडियाकर्मियों को भी अंदर जाने से रोका गया। बार-बार पूछने पर भी कर्मचारियों ने किसी भी तरह की जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया।

Exit mobile version