Research Survey : अमेरिकी सर्वे में हुआ खुलासा पाकिस्तानी किसको मानते सबसे बड़ा खतरा , चीन बना पहली पसंद

Pew Research Center के सर्वे में भारत और पाकिस्तान के बीच गहरा अविश्वास सामने आया। 90% पाकिस्तानी भारत को नापसंद करते हैं, जबकि 43% भारत को सबसे बड़ा खतरा मानते हैं। चीन पाकिस्तान की पहली पसंद है।

अमेरिकी संस्था Pew Research Center के ताजा सर्वे ने भारत और पाकिस्तान के लोगों की सोच में मौजूद गहरे अंतर को सामने रखा है। सर्वे के मुताबिक, करीब 90% पाकिस्तानी भारत के प्रति नकारात्मक राय रखते हैं। इनमें 73% लोगों ने भारत को लेकर अपनी राय को ‘बहुत नकारात्मक’ बताया। वहीं, भारत में 78% लोगों की पाकिस्तान के बारे में राय नकारात्मक है।

भारत बना बड़ा खतरा

सर्वे में जब लोगों से पूछा गया कि उनके देश के लिए सबसे बड़ा भू-राजनीतिक खतरा कौन है, तो दोनों देशों में एक-दूसरे का नाम सबसे ऊपर आया। भारत में 54% लोगों ने पाकिस्तान को सबसे बड़ा खतरा बताया। पाकिस्तान में 43% लोगों ने भारत को अपने देश के लिए सबसे बड़ा खतरा माना। पाकिस्तानियों के लिए इजरायल और अमेरिका 24-24% के साथ अगले बड़े खतरे रहे।

चीन पर पाकिस्तान का भरोसा

अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के सवाल पर दोनों देशों की पसंद बिल्कुल अलग नजर आई। पाकिस्तान में 75% लोगों ने चीन को अपना सबसे महत्वपूर्ण सहयोगी बताया। इसके बाद 12% ने सऊदी अरब का नाम लिया। चीन के प्रति पाकिस्तान में भरोसा भी काफी मजबूत है। 90% पाकिस्तानी वयस्कों ने चीन के प्रति सकारात्मक राय जताई और 83% ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर भरोसा जताया।

रूस पर भारत का भरोसा

भारत में रूस को सबसे अहम सहयोगी मानने वालों की संख्या 36% रही, जबकि 16% लोगों ने अमेरिका को सबसे महत्वपूर्ण सहयोगी बताया। सर्वे में रूस के प्रति भारतीयों की सकारात्मक सोच भी सामने आई। 58% भारतीयों ने रूस के बारे में सकारात्मक राय रखी, जबकि 51% ने व्लादिमीर पुतिन के नेतृत्व पर भरोसा जताया।

रिश्तों में गहरी खाई

सर्वे केवल देशों की पसंद और नापसंद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दोनों देशों के लोगों के बीच भरोसे की कमी भी सामने आई। भारत में ज्यादातर लोगों का मानना है कि पाकिस्तान की सरकार और जनता अच्छे द्विपक्षीय रिश्तों के लिए गंभीर रूप से प्रतिबद्ध नहीं हैं। दूसरी ओर, पाकिस्तान में बहुमत भारतीय सरकार और जनता को रिश्ते सुधारने के लिए प्रतिबद्ध नहीं मानता। Pew ने यह सर्वे भारत के 3,566 और पाकिस्तान के 1,039 वयस्कों के बीच 2026 में किया था।

Exit mobile version