Site icon News1India

रवींद्र जडेजा के ‘डबल अटैक’ से भारत ने वेस्टइंडीज पर दर्ज की प्रचंड जीत, सिराज ने झटके सात विकेट, तो चमके ध्रुव जुरेल

नई दिल्ली ऑनलाइन डेस्क। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 162 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने पांच विकेट के नुकसान पर 448 रन पर अपनी पारी घोषित कर दी। भारत की तरफ से केएल राहुल, ध्रुव जुरैल और रवींद्र जडेजा ने शतक जड़े। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज नहीं चले। रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन वेस्टइंडीज को पारी और 140 रनों से हरा दिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

भारत ने दिन के खेल की शुरुआत से पहले अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 448 रन पर घोषित की थी और 286 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। वेस्टइंडीज की टीम पूरे दो सत्र भी बल्लेबाजी नहीं कर सकी और उसकी दूसरी पारी 146 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने इस मैच में बल्ले के बाद गेंद से भी दम दिखाया। जडेजा ने पहली पारी में नाबाद शतक लगाया था और दूसरी पारी में उन्होंने चार विकेट लिए। जडेजा का साथ सिराज ने निभाया और वह तीन विकेट अपने नाम करने में सफल हुए। वहीं, कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने दो और वाशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला।

इस मैच में वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी दोनों पारी में खराब रही और तीनों दिन भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा। वेस्टइंडीज के लिए दूसरी पारी में एलिका अथानाजे ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए, जबकि जस्टिन ग्रीव्स ने 25, जेडन सील्स ने 22, जोहान लेन ने 14, जॉन कैंबेल ने 14, तेगनारायण चंद्रपॉल ने 8, ब्रेंडन किंग ने 5, रोस्टन चेज ने 1 और शाई होप ने 1 रन बनाए। वहीं, खैरी पियरे 13 रन बनाकर नाबाद लौटे। टीम इंडिया की तरफ से मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने पहली पारी में चार विकेट लिए। जबकि दूसरी पारी में सिराज ने तीन बल्लेबाजों को आउट किया। कुल मिलाकर दोनों पारियों में सिराज ने सात विकेट अपने नाम किए। वहीं जसप्रीत बुमराह ने भी पहली पारी में तीन विकेट लिए थे।

अमहदाबाद टेस्ट मैच मेंरवींद्र जडेजा ने अपने टेस्ट करियर का छठा शतक जड़ा। उन्होंने इस दौरान दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी को टेस्ट में छक्कों के मामले में पीछे छोड़ दिया। जडेजा ने अपने टेस्ट छक्कों की संख्या 79 पर पहुंचा दी है। वहीं धोनी ने टेस्ट में 78 छक्के लगाए थे। टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम है। सहवाग ने 91 छक्के जड़े हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर विकेटकीपर ऋषभ पंत हैं। जिनके नाम टेस्ट में 90 छक्के दर्ज हैं। वहीं रोहित शर्मा 88 छक्कों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। रवींद्र जडेजा टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। जड्डू का बल्ला गरज रहा है। रवींद्र के बल्ले से रन निकल रहे हैं। ऐसे में फैंस का दावा है कि रवींद्र जडेजा सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकार्ड जल्द ही अपने नाम कर लेंगे। क्योंकि रोहित शर्मा सन्यास ले चुके हैं।

वहीं केएल राहुल ने 9 साल बाद भारत में टेस्ट शतक जड़ा। पहले दिन फिफ्टी जमाकर लौटे केएल राहुल ने दूसरे दिन आकर सेंचुरी ठोक दी। केएल राहुल ने टेस्ट में अपना 11वां शतक जमाया और भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ बढ़त दिलाया। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में केएल राहुल ने 101 गेंद का सामना करने के बाद 6 चौके लगाते हुए अपनी फिफ्टी पूरी की। इसके बाद अपनी पारी को बड़े आराम से आगे बढ़ाया और 53 रन के स्कोर पर नाबाद लौटे। दूसरे दिन आकर उन्होंने चौके के साथ शुरुआत की और ठोक डाला टेस्ट करियर का 11वां शतक। 190 बॉल खेलने के बाद 12 चौके जमाते हुए केएल राहुल ने इस शतक को पूरा किया। इससे पहले राहुल ने दिसंबर 2016 में केएल राहुल ने चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट शतक जमाया था।

विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट मैच में भारत के लिए बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है। टेस्ट मैच के दूसरे दिन (3 अक्टूबर) जुरेल ने शतक जड़ा। जुरेल ने 210 गेंदों का सामना करते हुए 125 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। जुरेल के टेस्ट करियर का ये पहला शतक रहा। टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ने के बाद ध्रुव जुरेल ने गन सैल्यूट किया। जुरेल ने अपना पहले टेस्ट शतक का जश्न सेना पृष्ठभूमि को नमन करते हुए बनाया। शतक पूरा होने पर उन्होंने हेलमेट उतारा, बल्ला उठाया और सेना जुड़ाव को याद करते हुए जश्न मनाया। जुरेल का जश्न वायरल हो रहा है। बता दें कि जुरेल के पिता नेम सिंह इंडियन आर्मी में रह चुके हैं। नेम सिंह 1999 का कारगिल युद्ध भी लड़ चुके हैं।

Exit mobile version