Site icon News1India

Missing Children: जयपुर से गायब बच्चे, रामलला के दर्शन को पहुंचे अयोध्या, भक्ति के बने मिसाल, चमत्कारिक रूप से मिले सुरक्षित

Jaipur Missing Children Case: राजधानी जयपुर में रहने वाले चार मासूम बच्चों के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। मंगलवार दोपहर बच्चे ट्यूशन से लौटने के बाद घर से बाहर निकले थे। परिवार वालों को लगा कि वे आसपास खेलने गए होंगे, लेकिन देर शाम तक जब वे वापस नहीं आए तो चिंता बढ़ गई। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चों का कोई पता नहीं चला, तो रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने तुरंत शुरू की तलाश

मामला मुहाना थाना क्षेत्र के एलएनटी रोड इलाके का है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी गुर भूपेंद्र सिंह के अनुसार, पूरी रात अलग-अलग इलाकों में खोजबीन की गई। बुधवार सुबह पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, जिससे जांच को नई दिशा मिली।

सीसीटीवी में दिखे चारों बच्चे

जांच में सामने आया कि 13 वर्षीय अंशिका साहनी, 9 वर्षीय आराध्या, 11 वर्षीय सलोनी और 8 वर्षीय सचिन घर से निकलकर मालपुरा गेट बाजार की ओर गए थे। अंशिका और आराध्या सगी बहनें हैं, जबकि सलोनी और सचिन भाई-बहन हैं। परिवार ने पुलिस को यह भी बताया कि बच्चे घर से निकलते समय अपनी गुल्लक तोड़कर कुछ पैसे भी साथ ले गए थे।

राम मंदिर जाने की बनाई थी योजना

पुलिस जांच में पता चला कि बच्चों ने अपने स्तर पर अयोध्या जाने की योजना बनाई थी। वे भगवान श्रीराम के मंदिर में दर्शन करना चाहते थे। इसी इच्छा के चलते उन्होंने परिवार को बिना बताए घर छोड़ दिया। मालपुरा गेट बाजार से होते हुए वे सांगानेर पुलिया पहुंचे और वहां से अयोध्या जाने वाली बस में सवार हो गए।

अयोध्या में लोगों को हुआ शक

बुधवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि चारों बच्चे अयोध्या पहुंच गए हैं। वहां जब बच्चे अकेले घूमते नजर आए तो स्थानीय लोगों को शक हुआ। बच्चों के साथ कोई बड़ा व्यक्ति नहीं था, इसलिए लोगों ने उनसे बातचीत की। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे जयपुर से आए हैं और राम मंदिर के दर्शन करना चाहते हैं।

पुलिस की मदद से मिली राहत

स्थानीय लोगों ने तुरंत अयोध्या पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद अयोध्या पुलिस ने जयपुर पुलिस से संपर्क किया। सूचना मिलते ही जयपुर पुलिस की एक टीम अयोध्या के लिए रवाना हो गई। बच्चों के सुरक्षित मिलने की खबर मिलते ही परिवार ने राहत की सांस ली।

बुआ के घर रखा गया बच्चों को

पुलिस के अनुसार, बच्चों का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। अयोध्या में उनके कुछ रिश्तेदार भी रहते हैं। बच्चों ने पुलिस को अपनी बुआ के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें अस्थायी रूप से बुआ के घर ठहराया गया। अब जयपुर पुलिस सभी बच्चों को सुरक्षित वापस लेकर आ रही है।

756 किलोमीटर का सफर किया तय

सबसे हैरानी की बात यह रही कि चारों बच्चों ने बिना किसी बड़े की मदद के लगभग 756 किलोमीटर का लंबा सफर बस से तय कर लिया। फिलहाल बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version