Site icon News1India

जानकी माता का भव्य मंदिर सीतामढ़ी में जल्द होगा तैयार, सीएम नीतीश ने साझा की पहली झलक!

Punaura Dham Temple

Punaura Dham Temple : बिहारवासियों के लिए एक बेहद सम्मानजनक और हर्षजनक खबर सामने आई है। जगत जननी मां जानकी की पावन जन्मस्थली पुनौराधाम, सीतामढ़ी को अब नए और भव्य स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक स्थल को अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर सजाया-संवारा जाएगा।

इस योजना के अंतर्गत एक विशाल और भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा, साथ ही धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए आवश्यक अन्य संरचनाएं भी स्थापित की जाएंगी। इसका उद्देश्य न केवल आस्था को प्रबल करना है, बल्कि इस स्थान को एक प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना भी है।

पारंपरिक शैली में तैयार होगा मंदिर

इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मंदिर का संपूर्ण डिजाइन अब तैयार कर लिया गया है। इसका मॉडल सार्वजनिक रूप से जारी किया गया है, जो अत्यंत आकर्षक और मनोहारी है। मंदिर की संरचना पारंपरिक भारतीय वास्तुकला पर आधारित होगी, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें : 6 महीने की रैली पर ब्रेक! सोने की कीमत में एक हफ्ते में बड़ी गिरावट…

इस परियोजना से पुनौराधाम न केवल धार्मिक दृष्टि से और भी महत्वपूर्ण बनेगा, बल्कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने साझा की पहली झलक

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं इस भव्य योजना की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की है। उन्होंने लिखा,

“मुझे यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम, सीतामढ़ी को संपूर्ण रूप से विकसित किए जाने हेतु भव्य मंदिर एवं अन्य संरचनाओं का डिजाइन अब तैयार हो गया है, जिसे आप सभी के साथ साझा किया जा रहा है।”

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मंदिर निर्माण हेतु एक ट्रस्ट का गठन कर लिया गया है ताकि निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना हर बिहारवासी के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है, और सरकार इसे शीघ्रता से पूर्ण कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version