Helicopter Technical Glitch:उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार सुबह लखनऊ से कौशांबी के लिए रवाना हो रहे थे। उन्हें वहां एक कार्यक्रम में शामिल होना था। जानकारी के अनुसार, वह अपने दो दिवसीय दौरे पर कौशांबी जा रहे थे। इस दौरान उन्हें सयारा स्थित बाबू सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित सरस महोत्सव का उद्घाटन करना था।
शनिवार सुबह उनका हेलीकॉप्टर लखनऊ के ला मार्ट ग्राउंड से उड़ान भरकर कौशांबी की तरफ बढ़ा। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या सामने आ गई।
उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में भरा धुआं
उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद ही हेलीकॉप्टर के अंदर अचानक धुआं भरने लगा। यह देखकर हेलीकॉप्टर में मौजूद लोगों के बीच कुछ समय के लिए चिंता की स्थिति बन गई। पायलट ने तुरंत स्थिति को समझा और खतरे को भांप लिया। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी गड़बड़ी की वजह से यह समस्या हुई। धुआं बढ़ता देख पायलट ने बिना देर किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी एटीसी से संपर्क किया और स्थिति की जानकारी दी।
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने तुरंत फैसला लिया कि हेलीकॉप्टर को सुरक्षित जगह पर उतारा जाए। इसके बाद हेलीकॉप्टर को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। कुछ ही समय में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करा दी गई।
पायलट की सतर्कता और समझदारी की वजह से हेलीकॉप्टर को पूरी तरह सुरक्षित उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बिल्कुल सुरक्षित हैं। उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई।
अधिकारियों में मचा हड़कंप
जैसे ही हेलीकॉप्टर में आई खराबी की खबर सामने आई, लखनऊ के प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट पहुंच गए अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी ली और हेलीकॉप्टर की जांच शुरू कर दी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।
तकनीकी टीम कर रही जांच
घटना के बाद तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को हेलीकॉप्टर की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर हेलीकॉप्टर में धुआं भरने की वजह क्या थी और तकनीकी खराबी कैसे हुई। इस खबर के फैलते ही डिप्टी सीएम के समर्थकों में भी चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, जब यह जानकारी मिली कि केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह सुरक्षित हैं, तब सभी ने राहत की सांस ली।
