LPG Refill Booking: LPG सिलेंडर बुकिंग में मिलेगी बड़ी राहत, अब गांव में रहने वाले इतने दिनों में करा सकेंगे रिफिल

सरकार ने LPG सिलेंडर की रिफिल बुकिंग को लेकर ग्रामीण ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ता 25 दिन बाद अपना अगला LPG सिलेंडर बुक करा सकेंगे। इससे ग्रामीण इलाकों में गैस आपूर्ति और बुकिंग की प्रक्रिया पहले के मुकाबले आसान होने की उम्मीद है।

LPG Refill Booking: घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने ग्रामीण इलाकों में LPG रिफिल बुक करने के लिए लागू 45 दिनों के अंतराल को घटाकर 25 दिन कर दिया है। अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के घरेलू ग्राहक 25 दिन के अंतराल पर नया सिलेंडर बुक करा सकेंगे।

केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि LPG की उपलब्धता में सुधार और रिफिल बैकलॉग कम होने के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं पर लागू अतिरिक्त प्रतिबंध हटाया गया है।

पहले ग्रामीण ग्राहकों को करना पड़ता था इंतजार

LPG सप्लाई पर दबाव के दौरान सरकार ने बुकिंग के बीच अंतर बढ़ाया था। इसके तहत शहरी ग्राहकों को 25 दिन बाद, जबकि ग्रामीण ग्राहकों को 45 दिन बाद रिफिल बुक करने की अनुमति थी। अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह सीमा 25 दिन कर दी गई है।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को इस बदलाव को तत्काल लागू करने के निर्देश दिए हैं।

LPG सप्लाई में सुधार के बाद फैसला

वैश्विक स्तर पर तेल और गैस सप्लाई में आई बाधाओं का असर भारत में भी LPG उपलब्धता पर पड़ा था। घरेलू ग्राहकों को पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए बुकिंग अंतराल बढ़ाया गया था। अब सप्लाई की स्थिति बेहतर होने और बैकलॉग घटने के बाद सरकार ने नियम में बदलाव किया है।

जून में कमर्शियल LPG सप्लाई से जुड़ी कुछ पाबंदियों में भी ढील दी गई थी। उद्योगों की जरूरतों को देखते हुए सामान्य खपत के मुकाबले 50 प्रतिशत तक सप्लाई की अनुमति दी गई थी।

LPG कीमतों में भी हुई थी बढ़ोतरी

सप्लाई संकट के बीच LPG की कीमतों पर भी असर पड़ा। मार्च में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और जून में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 942 रुपये हो गई थी।

हालांकि, 25 दिन बाद बुकिंग की सुविधा मिलने के बावजूद सिलेंडर की वास्तविक डिलीवरी स्थानीय उपलब्धता और सप्लाई व्यवस्था पर निर्भर करेगी।

Exit mobile version