Lucknow से Mumbai की दूरी होगी कम,आसान होगा सफ़र,जल्द ही दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सर्वे पूरा

लखनऊ से मुंबई के लिए जल्द वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने वाली है। सर्वे पूरा हो चुका है और ट्रेन की समय सारिणी जून के अंत तक जारी होने की उम्मीद है। यात्रा अब और आसान होगी।

Lucknow to Mumbai Vande Bharat Sleeper Train

Lucknow to Mumbai Vande Bharat Sleeper Train : पूर्वांचल और मध्य यूपी के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी उत्तर प्रदेश से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे अब लखनऊ से मुंबई के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने जा रहा है। यह ट्रेन खासतौर पर पूर्वी और मध्य यूपी के लोगों को ध्यान में रखकर शुरू की जा रही है। 2025-26 में देशभर में 10 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें चलाने की योजना है और लखनऊ-मुंबई रूट उनमें से एक है।

बरेली-मुंबई रूट का भी हुआ है सर्वे

रेलवे ने इससे पहले बरेली से मुंबई के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत को मंजूरी दे दी थी। उस रूट का सर्वे भी हो चुका है। अब इसी तरह का सर्वे लखनऊ से मुंबई के रूट पर भी पूरा कर लिया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन जून के आखिरी तक शुरू हो सकती है, क्योंकि समय सारिणी जल्द जारी होने वाली है।

ये रहेगा ट्रेन का रूट

यह वंदे भारत ट्रेन लखनऊ से चलकर हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली जंक्शन, रामपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद और निजामुद्दीन होते हुए मुंबई पहुंचेगी। इस रूट पर स्टेशनों की संख्या ज़्यादा है, जिससे ज़्यादा यात्रियों को फायदा होगा।

आरामदायक सफर, कन्फर्म टिकट में राहत

अभी तक लखनऊ से मुंबई जाने वालों को हफ्ते में सिर्फ एक दिन चलने वाली लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस पर निर्भर रहना पड़ता है। लेकिन वंदे भारत स्लीपर शुरू होने के बाद न सिर्फ आरामदायक सफर मिलेगा बल्कि कन्फर्म टिकट मिलने में भी आसानी होगी। इससे लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस पर भी यात्री भार कम होगा।

कैसा होगा वंदे भारत स्लीपर का डिब्बा

उत्तर रेलवे को अप्रैल में 16 कोच वाला वंदे भारत स्लीपर का पहला रैक मिल चुका है। इसमें एसी 3-टियर, एसी 2-टियर और एसी फर्स्ट क्लास कोच शामिल हैं। कुल 823 यात्री एक साथ यात्रा कर सकेंगे। इस ट्रेन का सफर न सिर्फ तेज़ होगा बल्कि पूरी तरह आरामदायक भी होगा।

रेलवे की तैयारी पूरी, अब इंतजार हरी झंडी का

उत्तर रेलवे के दिल्ली कोचिंग यार्ड में जून के दूसरे हफ्ते तक वंदे भारत का एक और स्लीपर रैक आ जाएगा। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलते ही टाइम टेबल घोषित कर दिया जाएगा। रेलवे अधिकारी आदित्य गुप्ता (सीनियर डीसीएम) ने बताया कि बरेली-मुंबई और लखनऊ-मुंबई दोनों रूट के सर्वे पूरे हो चुके हैं।

Exit mobile version