Site icon News1India

इंद्रायणी नदी में बड़ा हादसा, पुल गिरा, 30 लापता, दो शव बरामद

Pune Bridge Collapse

Pune Bridge Collapse : महाराष्ट्र के पुणे जिले में रविवार, 15 जून की दोपहर को एक बड़ा हादसा हुआ। मावल क्षेत्र में स्थित इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल अचानक ढह गया। हादसे के समय पुल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि करीब 25 से 30 लोग नदी की तेज धारा में बह गए हैं। अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल भी बताए जा रहे हैं।

यह दुर्घटना दोपहर करीब 3:40 बजे कुंडमाला इलाके के पास हुई, जहां कुंड मॉल के समीप बने पुल का एक बड़ा हिस्सा गिर पड़ा। पुल के जिस हिस्से में दरार आई थी, वहां पत्थरों का ढेर था। कई लोग उन पत्थरों पर गिरकर घायल हो गए, जबकि अन्य लोग नदी में बह गए।

कुंडमाला को जोड़ने वाला पुल टूटा

यह पुल कुंडमाला क्षेत्र को पार करने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। रविवार होने की वजह से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु इस स्थान पर आए थे। कुछ लोग पुल पर टहल रहे थे, तो कुछ सेल्फी ले रहे थे। बताया जा रहा है कि कई लोग बाइक लेकर भी पुल पर चढ़ गए थे, जिससे इसका भार बढ़ गया और वह टूट गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पुल की जर्जर स्थिति को लेकर पहले भी शिकायतें दर्ज कराई गई थीं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

यह भी पढ़ें : अवैध खुदाई के चलते गिरे 6 मकान, 15 मजदूरों के दबे होने की आशंका, सीएम…

पुल की स्थिति पहले से ही खराब थी, उसमें कई जगहों पर जंग लग चुका था और उसकी बनावट भी कमजोर पड़ चुकी थी। इसके बावजूद, भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने से पुल अचानक ढह गया। हादसे की सूचना मिलते ही तलेगांव दाभाड़े पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ की दो टीमें तैनात कर दी गई हैं। घटनास्थल पर करीब 20 से 22 एंबुलेंस भी पहुंच चुकी हैं। जिला प्रशासन ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए कई रेस्क्यू टीमों को रवाना किया है और अंधेरा होने से पहले ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाने की कोशिशें की जा रही हैं।

नदी के बहाव की दिशा में भी अलर्ट

तेज बारिश के कारण इंद्रायणी नदी का जलस्तर पहले से ही बढ़ा हुआ था, जिससे बहाव बहुत तेज है। ऐसे में नदी के निचले क्षेत्रों में बसे गांवों में भी अलर्ट जारी किया गया है और वहां बचाव दलों को तैनात किया गया है। फिलहाल, पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। पुल के गिरने की इस त्रासदी ने प्रशासन की लापरवाही को भी उजागर कर दिया है, जिस पर अब सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version