Mann Ki Baat 136th Episode: पीएम मोदी ने कारगिल शहीदों को किया नमन, रक्षा, खेल और आत्मनिर्भर भारत पर कही बड़ी बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 136वें एपिसोड में कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने रक्षा तकनीक, खिलाड़ियों की उपलब्धियों, निजी अंतरिक्ष क्षेत्र, महिला उद्यमिता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई पहल का जिक्र किया।

Tribute to Kargil Heroes: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 जुलाई को ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड की शुरुआत कारगिल विजय दिवस के मौके पर देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस हर भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का अवसर है। यह दिन हमें भारतीय सेना के अदम्य साहस, देशभक्ति, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है। पीएम मोदी ने ‘शौर्य विजय यात्रा’ का भी जिक्र किया, जो 14 जुलाई को नई दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल से शुरू हुई मोटरसाइकिल रैली है। ‘वन राइड, वन नेशनल, वन सैल्यूट’ के संदेश के साथ यह यात्रा द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल तक पहुंचेगी और सैनिकों के बलिदान को सम्मान देगी।

स्वदेशी रक्षा ताकत

मन की बात में प्रधानमंत्री ने भारतीय नौसेना में शामिल किए गए INS महेंद्रगिरि का भी उल्लेख किया। उन्होंने इसे भारत की बढ़ती रक्षा निर्माण क्षमता और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। पीएम मोदी के अनुसार, इस युद्धपोत में 75 फीसदी से ज्यादा स्वदेशी सामग्री और पुर्जों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने DRDO की उपलब्धियों की भी सराहना की और पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट तथा कुशा मिसाइल के सफल परीक्षणों को भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि रक्षा उत्पादन और निर्यात में बढ़ोतरी के साथ भारत अब एक मजबूत ग्लोबल डिफेंस पार्टनर के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

खिलाड़ियों की बड़ी जीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर भी खुशी जताई। उन्होंने पीवी सिंधु को जापान ओपन बैडमिंटन खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनने पर बधाई दी। इसके अलावा उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की भी जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर टीम की ऐतिहासिक टेस्ट जीत को भारतीय महिला क्रिकेट के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि देश के खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं और युवाओं को नई प्रेरणा दे रहे हैं।

अंतरिक्ष में निजी उड़ान

पीएम मोदी ने भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की प्रगति को भी रेखांकित किया। उन्होंने विक्रम-1 के सफल लॉन्च को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी भागीदारी और नवाचार की बढ़ती ताकत को दिखाता है। उन्होंने इसे देश के युवा वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और उद्यमियों की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का उदाहरण बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में स्पेस सेक्टर तेजी से नए अवसर पैदा कर रहा है और निजी कंपनियों की भागीदारी से इस क्षेत्र में नई संभावनाएं खुल रही हैं।

विरासत और महिला शक्ति

मन की बात में पीएम मोदी ने कश्मीर की पारंपरिक ‘वागु’ चटाई बनाने की कला को बचाने के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने श्रीनगर के गुलाम हुसैन और उनकी बेटी तंजिला का जिक्र करते हुए कहा कि वे सदियों पुरानी इस कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के लखीवाला गांव की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल चाय’ की भी चर्चा की। पीएम मोदी ने बताया कि करीब 1 लाख रुपये के निवेश से शुरू हुआ यह प्रयास आज एक सफल ब्रांड बन चुका है। उन्होंने इसे स्थानीय संसाधनों, महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की शानदार मिसाल बताया।

कचरे से कमाई

प्रधानमंत्री ने बिहार के सीतामढ़ी में चल रहे ‘वेस्ट टू वेल्थ’ अभियान का भी जिक्र किया। इस पहल के तहत बेकार सिंगल-यूज प्लास्टिक को रिसाइकिल कर मजबूत और पर्यावरण के अनुकूल बेंच तैयार की जा रही हैं। एक बेंच बनाने में करीब 40 किलोग्राम प्लास्टिक कचरे का इस्तेमाल होता है। इन बेंचों को सरकारी स्कूलों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि यह पहल कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलने के साथ लोगों, खासकर बच्चों और स्थानीय समुदायों में पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार वेस्ट मैनेजमेंट की भावना को भी मजबूत कर रही है।

Exit mobile version