Absconded Again: करीब दस महीने पहले अपने होने वाले दामाद के साथ घर छोड़कर भागी एक महिला एक बार फिर चर्चा में आ गई है। इस बार दामाद ने आरोप लगाया है कि महिला पांच दिन पहले अपने बहनोई के साथ गायब हो गई है। बताया जा रहा है कि दोनों बिहार के सीतामढ़ी जिले में रह रहे थे, जहां से यह नया मामला सामने आया।
थाने में दी शिकायत
दामाद राहुल ने इस पूरे मामले को लेकर दादों थाने में तहरीर दी है। उसने पुलिस को बताया कि महिला उसके साथ रह रही थी, लेकिन अचानक बहनोई के साथ चली गई। हालांकि यह भी चर्चा है कि दामाद के साथ जाने के कुछ समय बाद महिला अपने बच्चों से फिर संपर्क में आ गई थी और अब वह उनके पास लौटना चाहती थी।
अप्रैल 2025 की घटना
मडराक क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली यह महिला अप्रैल 2025 में अपने होने वाले दामाद राहुल के साथ भाग गई थी। कुछ दिन बाद दोनों वापस आए, लेकिन महिला दामाद के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। पुलिस और परिवार की काउंसिलिंग के बाद दोनों को साथ रहने की अनुमति मिल गई थी। तब से दोनों बिहार के सीतामढ़ी में रह रहे थे।
सीतामढ़ी में साथ रहना
राहुल के अनुसार, वह वहां कपड़ों का कारोबार करता था और दोनों साथ ही रह रहे थे। पिछले कुछ समय से महिला अपनी बेटी, बहन और बहनोई से लगातार बात कर रही थी। राहुल का कहना है कि बहन ने उसे धमकी भी दी थी, लेकिन बाद में आपसी बातचीत से मामला शांत हो गया था।
बहनोई संग हुई फरार
राहुल ने बताया कि छह फरवरी को वह काम पर गया हुआ था। उसी दौरान बहनोई घर आया और महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। महिला अपने साथ करीब दो लाख रुपये नकद और जेवरात भी ले गई। राहुल ने पहले सीतामढ़ी में पुलिस को सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने दादों थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने कही ये बात
दादों थाना प्रभारी का कहना है कि घटना बिहार और नेपाल बॉर्डर से जुड़े इलाके की है, इसलिए यहां से कोई सीधी कार्रवाई नहीं की जा सकती। मामले को संबंधित जिले की पुलिस ही देखेगी।
पति ने कर ली दूसरी शादी
महिला के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और एक बेटा है। बेटी की शादी तय हो चुकी थी। इस घटना के बाद महिला के पति ने भी दूसरी शादी कर ली है। गांव वालों के अनुसार, उसने करीब 15 दिन पहले ही दूसरी शादी की है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुरानी कहानी फिर चर्चा में
युवती की शादी राहुल से तय हुई थी और 16 अप्रैल 2025 को विवाह होना था। लेकिन शादी से दस दिन पहले ही 38 साल की महिला अपने 20 साल के होने वाले दामाद के साथ फरार हो गई थी। बाद में उसने आरोप लगाया था कि उसका पति नशे में मारपीट करता था और पैसों के लिए परेशान करता था। अब बहनोई के साथ फरार होने से यह मामला फिर चर्चा में आ गया है।
