Navjot expelled from congress:कांग्रेस ने पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पंजाब कांग्रेस की पूर्व नेता नवजोत कौर सिद्धू को पार्टी से निकाल दिया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
पहले निलंबन फिर निष्कासन
भूपेश बघेल ने अमृतसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि नवजोत कौर को पहले ही पार्टी से निलंबित किया जा चुका था। अब उन्हें आधिकारिक रूप से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। वह अमृतसर में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम रैली’ में शामिल होने पहुंचे थे।
पहले ही छोड़ चुकी थीं पार्टी
बताया जा रहा है कि नवजोत कौर कुछ दिन पहले ही कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर चुकी थीं। इसके बावजूद पार्टी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निष्कासित कर दिया। इस फैसले के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
राहुल गांधी पर निशाना
पार्टी से बाहर होने के बाद नवजोत कौर सिद्धू ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि राहुल गांधी जमीनी हकीकत सुनने के बजाय अपनी ही दुनिया में रहना पसंद करते हैं।
कहा- पंजाब की सेवा जारी रहेगी
उन्होंने लिखा कि वह किसी फाउंडेशन के जरिए भी काम कर सकती हैं, लेकिन उनका समय और ऊर्जा केवल पंजाब के लोगों के लिए है। उन्होंने कहा कि वह राजनीति में रहें या नहीं, पंजाब की भलाई के लिए काम करती रहेंगी।
तीखे आरोप और तंज
नवजोत कौर ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि एक ऐसा नेता जो खुद को सबसे ईमानदार मानता है, उसे जमीनी सच्चाई का पता ही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के अंदर का घेरा सच्चाई छिपाता है और टिकटों की बिक्री से फायदा उठाता है।
राजनीति पर अनुभव साझा
अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी ने उनके काम और टैलेंट को पहचाना था। जब वह डॉक्टर के रूप में सेवा दे रही थीं, तब बीजेपी ने उन्हें राजनीति में मौका दिया था। उन्होंने कहा कि वह अब भी लोगों की सेवा बिना राजनीति के कर सकती हैं।
कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल
नवजोत कौर ने दावा किया कि कांग्रेस में मेहनती और ईमानदार लोगों की कद्र नहीं होती। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पार्टी ने ईमानदार नेताओं का सम्मान करना नहीं सीखा तो उसका अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है।


