NEET UG 2026 :पेपर लीक मामले में CBI की चार्जशीट ने परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि प्रश्नपत्र किसी प्रिंटिंग प्रेस से चोरी होकर बाहर नहीं आया, बल्कि NTA के लिए काम कर रहे कुछ विषय विशेषज्ञों ने अपने अधिकार का गलत इस्तेमाल किया। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट 10 अगस्त को इस चार्जशीट पर संज्ञान लेगी।
एक्सपर्ट ने लीक किया पेपर
CBI के मुताबिक, प्रश्नपत्र के गुप्त अनुवाद, दोबारा अनुवाद और प्रूफरीडिंग के समय कुछ विशेषज्ञों ने अपने पास मौजूद अधिकृत जानकारी का गलत इस्तेमाल किया। जांच में बॉटनी और जूलॉजी की विशेषज्ञ मनीषा गुरुनाथ मंधारे, केमिस्ट्री विशेषज्ञ पीवी कुलकर्णी और फिजिक्स विशेषज्ञ मनीषा संजय हवालदार के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि इन लोगों ने परीक्षा के सवाल बाहर पहुंचाए।
मौखिक रूप से बताए सवाल
जांच के अनुसार, अप्रैल 2026 में पीवी कुलकर्णी और मनीषा मंधारे ने पुणे स्थित अपने घरों पर खास रिवीजन क्लास कराई। इन बैठकों में उम्मीदवारों को सवाल, चारों विकल्प और सही जवाब बोलकर बताए गए। उम्मीदवारों ने इन सवालों को कॉपी में हाथ से लिख लिया, ताकि कोई डिजिटल रिकॉर्ड न रहे। फिजिक्स के सवाल भी आगे पहुंचाए गए। मनीषा हवालदार ने सवाल तेजस हर्षदकुमार शाह को बताए, जिन्होंने हाथ से लिखे नोट्स की तस्वीरें लेकर उन्हें लातूर के रेणुकाई करियर सेंटर के निदेशक शिवराज मोटेगांवकर को भेज दिया।
अस्पताल में रटाए सवाल
CBI का आरोप है कि कुलकर्णी और मंधारे ने लातूर के डॉक्टर मनोज भगवानराव शिरुरे के साथ मिलकर उम्मीदवारों को सिद्धिविनायक अस्पताल बुलाया। वहां परीक्षा से पहले उन्हें पूरा प्रश्न बैंक याद कराया गया। जांच में यह भी सामने आया कि नासिक के शुभम खैरनार ने गुरुग्राम के यश यादव से संपर्क किया। लीक सवालों की PDF बनाकर टेलीग्राम के जरिए भेजी गई। इसके बाद यह PDF जयपुर के मांगीलाल बिवाल उर्फ मांगीलाल खटीक तक पहुंची और कथित तौर पर 10 से 12 लाख रुपये में दी गई।
सबूत भी मिले
CBI के अनुसार, मांगीलाल ने प्रश्नपत्र की प्रिंट कॉपी परिवार के लोगों, कोचिंग छात्रों और निजी ट्यूटर्स तक पहुंचाई। छापेमारी में मिली उम्मीदवारों की नोटबुक का मिलान 3 मई को हुए असली NEET UG पेपर से किया गया। दोनों में सवाल और जवाब एक जैसे मिले। फॉरेंसिक और हैंडराइटिंग जांच से भी अहम सबूत मिले हैं। इसके अलावा ऑनलाइन पैसों के लेनदेन के रिकॉर्ड और पांच लाख रुपये नकद बरामद होने की बात चार्जशीट में कही गई है।
