RBI new rules: अक्सर बिना किसी गलती के आम लोगों का बैंक खाता संदिग्ध लेनदेन के कारण फ्रीज हो जाता है। इसके बाद खाते को दोबारा चालू कराने के लिए ग्राहकों को महीनों तक बैंक के चक्कर लगाने पड़ते हैं। अब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस समस्या को दूर करने और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के लिए नए निर्देश जारी किए हैं।
27 नवंबर 2026 को जारी इन निर्देशों के तहत बैंकों को संदिग्ध मनी म्यूल खातों और साइबर फ्रॉड से जुड़े लेनदेन पर कार्रवाई के लिए एक तय प्रक्रिया अपनानी होगी। इसका उद्देश्य ठगी की रकम को रोकने के साथ निर्दोष ग्राहकों को परेशानी से बचाना है।
हर खाते पर नहीं लगेगी रोक
नए नियमों के मुताबिक, अगर बैंक को किसी खाते या खास लेनदेन में साइबर धोखाधड़ी या अवैध पैसों के लेनदेन का गंभीर संदेह होता है, तो वह संबंधित रकम या पूरे खाते से पैसे निकालने और ट्रांसफर करने पर अस्थायी रोक लगा सकता है।
हालांकि, केवल मामूली संदेह के आधार पर खाता फ्रीज नहीं किया जा सकेगा। बैंक को पहले मामले की गंभीरता का आकलन करना होगा।
ग्राहक को तुरंत मिलेगी सूचना
डेबिट होल्ड लगाने के बाद बैंक को ग्राहक को इसकी जानकारी देना अनिवार्य होगा। इसके लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल पर तुरंत संदेश भेजना होगा। संपर्क जानकारी उपलब्ध नहीं होने पर अगले कार्य दिवस के अंत तक सूचना देनी होगी।
संदेश में रोक लगाने का कारण, उसे हटाने की प्रक्रिया और संबंधित अधिकारी की जानकारी देनी होगी।
ग्राहकों को मिलेंगे 7 दिन
खाता या रकम पर रोक लगने के बाद ग्राहक को अपनी बात रखने के लिए 7 कैलेंडर दिनों का समय मिलेगा। इस दौरान वह बैंक में जरूरी दस्तावेज, बिल, रसीद या अनुबंध जमा कर लेनदेन की वैधता साबित कर सकता है।
दस्तावेज मिलने के बाद बैंक को भी 7 दिनों के भीतर उनकी समीक्षा करनी होगी। जवाब संतोषजनक होने पर डेबिट होल्ड तुरंत हटाना होगा। अन्यथा बैंक रोक जारी रखकर मामले की जानकारी पुलिस को देगा।
30 दिन बाद हटानी पड़ सकती है रोक
नए निर्देशों के तहत पुलिस को मामला भेजे जाने के 30 दिनों के भीतर बैंक को रोक जारी रखने का कोई वैध कानूनी आदेश नहीं मिलता है, तो बैंक को 31वें दिन डेबिट होल्ड हटाना होगा। हालांकि, इसके लिए बैंक का अपनी जांच से संतुष्ट होना जरूरी है।
शिकायत के लिए बनेंगे नोडल अधिकारी
आरबीआई ने बैंकों को क्षेत्रीय, जोनल या प्रधान कार्यालय स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। ग्राहक गलत तरीके से लगाए गए डेबिट होल्ड की शिकायत इन अधिकारियों से कर सकेंगे। शिकायत का समाधान 30 दिनों के भीतर करना होगा।
1 जुलाई 2027 से लागू होंगे नियम
ये नए निर्देश 1 जुलाई 2027 से लागू होंगे। हालांकि, बैंक चाहें तो इन्हें इससे पहले भी लागू कर सकते हैं। साइबर ठगी का संदेह होने पर ग्राहक तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें और अपने बैंक को भी इसकी जानकारी दें।

