Site icon News1India

कभी रहे सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार, लेकिन अब कांग्रेस में उनके बेटे की ये है हालत

जयपुर। गांधी परिवार के सबसे नजदीकी और कांग्रेस के सबसे पॅावरफुल नेता रहे दिवंगत अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल अब कांग्रेस में अनदेखी से नाराज हैं। पटेल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी शशिकांत शर्मा के फोन नहीं उठाने और जवाब नहीं देने पर नाराजगी जताई है। फैसल ने शनिवार को ट्वीट कर गहलोत के ओएसडी को निशाने पर लिया। इस ट्वीट से सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई। वहीं, पांच घंटे बाद उन्होंने ट्वीट को डिलीट कर दिया।

फैसल पटेल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को टैग करते हुए ट्वीट किया कि शशिकांत शर्मा, तुम कभी मुझे जवाब क्यों नहीं देते? अल्पसंख्यक पृष्ठभूमि के गरीब लोग मुझसे संपर्क करते हैं। मुझसे राजस्थान में साधारण काम के लिए मदद मांगते हैं। मेरे दिवंगत पिता अहमद पटेल के बाद वे मुझसे उनकी समस्याओं का समाधान करने की उम्मीद करते हैं।
पटेल इससे पहले कांग्रेस हाईकमान की बेरुखी को लेकर भी नाराजगी जता चुके हैं। पटेल ने इसी साल अप्रैल में कहा था कि इंतजार करते-करते थक गया हूं। गुजरात में इसी साल विधानसभा चुनाव है, ऐसे में कांग्रेस के दिग्गज नेता के परिवार की नाराजगी सियासी पर्सेप्शन के हिसाब से मायने रखती है।

सरकार में सुनवाई नहीं होने और सत्ता के नजदीकी अफसरों के बर्ताव को लेकर कांग्रेस की बैठकों में भी कई नेता सवाल उठा चुके हैं। अब अहमद पटेल के बेटे ने सीएम के ओएसडी पर जवाब नहीं देने का आरोप लगाकर फिर से बहस छेड़ दी है। फैसल ने गरीब अल्पसंख्यकों के साधारण काम तक नहीं होने का भी मुद्दा उठाया है। अल्पसंख्यकों के काम नहीं होने पर बसपा मूल के विधायक वाजिब अली भी नाराजगी जता चुके हैं।

Exit mobile version