Site icon News1India

Pakistan Minister Visit: किसके भारत दौरे पर सियासत गरम, कांग्रेस बोली- बिरयानी-कबाब परोसने की तैयारी, भाजपा ने दिया करारा जवाब

पाकिस्तान के केंद्रीय मंत्री मुसादिक मलिक बैठक में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए हैं। साल 2023 के बाद भारत आने वाले वह पाकिस्तान के पहले केंद्रीय मंत्री हैं। इससे पहले 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने भारत आए थे। यह सम्मेलन 20 नवंबर को शुरू हुआ और 22 नवंबर तक चलेगा।

कांग्रेस ने क्या कहा?

सम्मेलन से पहले कांग्रेस ने एक बयान जारी कर कहा कि पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक मोदी सरकार के न्योते पर भारत आए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि मुसादिक लगातार भारत को धमकियां देते रहे हैं, कभी हाथ काटने की धमकी देते हैं तो कभी खून बहाने की। एक तरफ पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ मोदी सरकार भारत से नफरत करने वाले पाकिस्तानी मंत्री की मेहमाननवाजी में जुटी है। कांग्रेस ने कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को पूरी तरह खत्म नहीं करता, तब तक उससे कोई बातचीत नहीं होनी चाहिए।

BJP ने दिया जवाब

बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार ने बार-बार साफ किया है कि किसी भी परिस्थिति में भारत के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। पाकिस्तान एससीओ का सदस्य है और उसका मंत्री इसी हैसियत से बैठक में हिस्सा लेने आया है। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि भारत के हित सुरक्षित रहेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह एससीओ के तहत एक बहुपक्षीय मंच है, जिसमें सभी सदस्य देशों, पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को आमंत्रित किया गया है।

‘कांग्रेस वही कर रही है जो बीजेपी करती थी’

कांग्रेस की वरिष्ठ प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सवाल उठाया कि पाकिस्तान पर आतंकवाद को समर्थन देने के आरोप हैं, फिर भी मोदी सरकार उसके प्रतिनिधियों का स्वागत कर रही है। विश्लेषक इंद्राणी बागची के मुताबिक कांग्रेस वही कर रही है जो कभी बीजेपी उसके साथ किया करती थी। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिनों में राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में इस तरह के बयान तेज होंगे।

डायलॉग ऑफ सिविलाइजेशंस क्या है?

‘डायलॉग ऑफ सिविलाइजेशंस’ यानी सभ्यताओं के बीच संवाद की अवधारणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेश की थी। इसका मकसद अलग-अलग सभ्यताओं के बीच टकराव के बजाय बातचीत और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना है। सम्मेलन के उद्घाटन के लिए दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने किले को चुना गया। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सांस्कृतिक मुद्दों पर दोनों देशों के बीच असहमति की गुंजाइश बहुत कम है। सम्मेलन से इतर पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने कहा कि सभ्यताओं और संस्कृतियों पर बहुपक्षीय संवाद का यह एक शानदार मौका है।

Exit mobile version