Air India Flights Cancelled : अहमदाबाद में हाल ही में हुए भीषण विमान हादसे के बाद एअर इंडिया ने दिल्ली से पेरिस जाने वाली अपनी दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी हैं। ये उड़ानें अत्याधुनिक बोइंग ड्रीमलाइनर विमानों द्वारा संचालित होनी थीं। मंगलवार, 17 जून को उड़ान संख्या AI 143 को उड़ान भरनी थी, जबकि बुधवार, 18 जून को AI 142 पेरिस से दिल्ली लौटने वाली थी।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि मंगलवार को दिल्ली से पेरिस रवाना होने वाली फ्लाइट AI 143 को उड़ान से पहले अनिवार्य जांच के दौरान तकनीकी खामी पाए जाने पर रद्द कर दिया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल उस तकनीकी गड़बड़ी को ठीक किया जा रहा है, लेकिन चूंकि पेरिस के चार्ल्स डी गॉल (CDG) एयरपोर्ट पर रात के समय विमानों के संचालन पर पाबंदी है, इसलिए समय पर मरम्मत संभव न होने की स्थिति में उड़ान को स्थगित करने के बजाय रद्द करने का निर्णय लिया गया।
पेरिस से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली थी फ्लाइट
इसके परिणामस्वरूप, वापसी की फ्लाइट AI 142, जो 18 जून को पेरिस से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली थी, उसे भी रद्द कर दिया गया है। यात्रियों की असुविधा को देखते हुए एयरलाइन ने होटल में उनके ठहरने की व्यवस्था की है और जो यात्री अपनी यात्रा रद्द करना चाहते हैं, उन्हें पूरा किराया वापस किया जा रहा है। इससे पहले मंगलवार सुबह एअर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट AI 159 को भी तकनीकी खराबी के कारण रद्द करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें : ‘कम बोलें तो अच्छा रहेगा’ के बाद फिर गरजे CM योगी, बीच-बीच में…
गौरतलब है कि 12 जून को गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया का एक पैसेंजर विमान हादसे का शिकार हो गया था, जिसमें पायलट, क्रू और 270 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे के बाद कई शवों की पहचान मुश्किल हो गई थी, जिन्हें डीएनए जांच के बाद परिजनों को सौंपा जा रहा है। एअर इंडिया ने मृतकों के परिवारों को मुआवजे के रूप में आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया है। इस हादसे के बाद एअर इंडिया ने सुरक्षा मानकों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है, जिसके चलते उड़ानों की रद्दीकरण की घटनाएं सामने आ रही हैं।