Site icon News1India

25वें युवा महोत्सव का पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया उद्धाटन, डेमोग्राफी और डेमोक्रेसी को बताया ताकत

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पुडुचेरी में 25 वें युवा महोत्सव का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्धाटन किया। विवेकानंद जयंती पर आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत के पास दो असीम ताकत हैं, एक डेमोग्राफी व दूसरी डेमोक्रेसी। जिस देश के पास जितनी युवा शक्ति होती है, उसकी क्षमताओं को उतना ही व्यापक माना जाता है। भारत के पास ये दोनों ताकत है। उन्होंने कहा कि न्यू इंडिया का मंत्र है ‘मुकाबला करो और जीतो।’

प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ओपन एयर थियेटर युक्त एक प्रेक्षागृह पेरुनथलैवर कामराजर मनीमण्डपम का उद्घाटन किया, जिसे लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से पुडुचेरी सरकार ने निर्मित किया है। इसके अलावा पीएम मोदी ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के एक प्रौद्योगिकी केंद्र का भी उद्घाटन किया है। इसे लगभग 122 करोड़ रुपये के निवेश से पुडुचेरी में स्थापित किया गया है। इस मौके पर पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष हम श्री अरबिंदो की 150वीं जयंती भी मना रहे हैं, जिनका पुडुचेरी से विशेष जुड़ाव रहा है। पुडुचेरी में हो रहा राष्ट्रीय युवा महोत्सव भारत माता के महान सपूत को समर्पित किया जा रहा है। हम इसी वर्ष श्री ऑरबिंदो की 150वीं जयंती मना रहे हैं और इस साल महाकवि सुब्रमण्य भारती जी की भी 100वीं पुण्य तिथि है।

इससे पहले पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘मैं महान स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनका जीवन राष्ट्रीय उत्थान के लिए समर्पित था। उन्होंने कई युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित किया है। आइये हम देश के लिए उनके सपनों को पूरा करने के लिए मिलकर काम करते रहें।

Exit mobile version