Site icon News1India

PM Modi ने चार नए रूटों पर वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, बोले– “विकसित भारत की रफ्तार हैं ट्रेनें

Vande Bharat Express

Vande Bharat Express : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये नई ट्रेनें बनारस–खजुराहो, लखनऊ–सहारनपुर, फिरोजपुर–दिल्ली, और एर्नाकुलम–बेंगलुरु मार्गों पर चलेंगी। जैसे ही पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाई, स्टेशन पर मौजूद लोगों ने “हर-हर महादेव” के नारों से पूरा परिसर गूंजा दिया और माहौल उत्सवमय हो गया।

बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया। स्टेशन परिसर में चारों ओर “हर-हर महादेव” के जयकारे गूंजते रहे। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा बलों ने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।

इस मौके पर क्या बोले पीएम मोदी ? 

इस मौके पर संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, “दुनिया के विकसित देशों की तेज़ प्रगति के पीछे मज़बूत बुनियादी ढांचा एक बड़ी ताकत रहा है। जिन देशों ने आर्थिक विकास की ऊंचाइयों को छुआ है, वहां हवाई अड्डों, रेल नेटवर्क और आधुनिक परिवहन का विस्तार मुख्य कारण रहा है। आज भारत भी उसी दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। वंदे भारत ट्रेनें इस प्रगति का जीवंत उदाहरण हैं, जिन्हें देखकर विदेशी यात्री भी प्रभावित होते हैं। ये ट्रेनें भारत के आत्मनिर्भरता के सफर में मील का पत्थर साबित होंगी।”

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आज नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत भारत की गति और शक्ति दोनों को दर्शाती है। “प्रयागराज, अयोध्या, हरिद्वार, चित्रकूट और कुरुक्षेत्र जैसे पवित्र तीर्थस्थलों को वंदे भारत नेटवर्क से जोड़ना केवल यात्रियों की सुविधा नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, आस्था और विकास यात्रा का संगम है। यह हमारे विरासत शहरों को आधुनिक भारत के विकास प्रतीक में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

यह भी पढ़ें : 800 फ्लाइट्स की देरी के बाद Delhi Airport से आई बड़ी खबर…

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत ट्रेनें भारतीय रेलवे के नए युग की नींव रख रही हैं। “वंदे भारत ट्रेन — भारतीयों की सोच, कौशल और मेहनत का परिणाम है। यह ‘भारत में बनी’ ट्रेन हर भारतीय के गर्व का प्रतीक है। जैसे-जैसे भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, ये ट्रेनें उस सपने को साकार करने में एक अहम भूमिका निभाएंगी।”

Exit mobile version