Site icon News1India

PM मोदी को मिला साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान बोले यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान

PM Modi Honoured with Cyprus:भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस सरकार ने अपने सबसे बड़े नागरिक सम्मान “ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III” से नवाजा है। यह सम्मान उन्हें साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडोलाइड्स ने दिया। पीएम मोदी पिछले 23 वर्षों में साइप्रस की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। रविवार को जब पीएम मोदी साइप्रस पहुंचे, तो राष्ट्रपति निकोस ने खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। सम्मान मिलने के बाद पीएम मोदी ने कहा,

“यह सम्मान सिर्फ नरेंद्र मोदी का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का है। यह हमारे देश की संस्कृति, एकता और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की सोच का सम्मान है। मैं इसे भारत-साइप्रस की दोस्ती और साझा मूल्यों को समर्पित करता हूं।”

दोनों देशों के रिश्ते और होंगे मजबूत

प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि आने वाले वक्त में भारत और साइप्रस की साझेदारी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर न सिर्फ अपने नागरिकों की तरक्की के लिए काम करेंगे, बल्कि एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित दुनिया के निर्माण में भी योगदान देंगे।

व्यापार, निवेश और डिजिटल सहयोग पर बातचीत

अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने साइप्रस के राष्ट्रपति के साथ निकोसिया में व्यापारिक नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने व्यापार, निवेश, रक्षा और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की बात कही। इस मौके पर भारत की यूपीआई सेवा को साइप्रस में शुरू करने के लिए एनपीसीआई और साइप्रस के यूरोबैंक के बीच समझौता हुआ। पीएम मोदी ने बताया कि दुनिया के 50% डिजिटल ट्रांजैक्शन भारत में होते हैं और यह समझौता यूरोप और गिफ्ट सिटी इंडिया के बीच पहली ऐसी व्यवस्था होगी, जिससे दोनों देशों को फायदा मिलेगा।

नए क्षेत्रों में व्यापारिक साझेदारी की योजना

बैठक से पहले एक वीडियो संदेश में बताया गया कि इस मंच के जरिए स्टार्टअप्स, डिजिटल पेमेंट्स, नौवहन, बंदरगाह विकास, जहाज निर्माण जैसे नए क्षेत्रों में भारत-साइप्रस की साझेदारी को मजबूत किया जाएगा।

भारत का सच्चा दोस्त है साइप्रस

इस दौरे के दौरान साइप्रस ने भारत के प्रति अपनी गहरी दोस्ती फिर से जाहिर की। राष्ट्रपति निकोस ने पीएम मोदी का स्वागत लारनाका एयरपोर्ट पर औपचारिक सम्मान के साथ किया।

साइप्रस, भारत के अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हमेशा साथ खड़ा रहा है और सीमा पार आतंकवाद की निंदा करता रहा है। भारतीय समुदाय ने भी पीएम मोदी का ज़ोरदार स्वागत किया और “वंदे मातरम” व “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा।

Exit mobile version