Site icon News1India

पहलगाम आतंकी हमले पर पीएम मोदी ने किया खुला ऐलान, मिट्टी में मिला देंगे और कल्पना से भी बड़ा मिलेगा दंड

नई दिल्ली ऑनलाइन डेस्क।  ये हमला सिर्फ निहत्थे पर्यटकों पर नहीं हुआ है बल्कि देश के दुश्मनों ने भारत की आत्मा पर हमला करने का दुस्साहस किया है। मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं, जिन्होंने ये हमला किया है, उन आतंकियों को और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। ये सजा मिलकर रहेगी। ये शब्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हैं, जिन्होंने बिहार के मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के मौके एक जनसभा के संबोधन के दौरान कहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, इस आतंकी हमले में किसी ने अपना बेटा खोया है, किसने अपना भाई खोया है, किसी ने अपना जीवनसाथी खोया है। उनमें से कोई बांग्ला बोलता था, कोई कन्नड़ बोलता था, कोई मराठी था, कोई ओड़िया था, कोई गुजराती था कोई यहां बिहार का लाल था। आज उन सभी की मृत्यु पर करगिल से कन्याकुमारी तक हमारा दुख एक जैसा है। हमारा आक्रोश एक जैसा है। जिन्होंने ये कृत्य किया है, उन्हें दंड जरूर मिलेगा। कोई भी बचेगा नहीं। हर एक का हिसाब होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने मासूम देशवासियों को जिस बेरहमी से मारा है। उससे पूरा देश व्यथित है, दुखी है। सभी पीड़ित परिवारों के इस दुख में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। जिन परिवारजनों का अभी इलाज चल रहा है, वे जल्द स्वस्थ हों, इसके लिए भी सरकार हर प्रयास कर रही है। हमारी सरकार आतंकवाद और इन्हें पालने वालों के खिलाफ सख्त है। ऐसे में इन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब आतंकियों की बची-कुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। 140 करोड़ भारतीयों की इच्छाशक्ति अब आतंक के आकाओं की कमर तोड़कर रहेगी। भारत ये हमला भूलने वाला नहीं है। मैं बिहार की धरती से उन्हें ये संदेश देना चाहता हूं कि अगर आतंकी पाताल में छिप जाएंगे। हम उन्हें खोजकर दंड देंगे। आतंकवादियों के पालनहारों पर भी एक्शन होगा।

बता दें कि पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में अब तक 28 लोगों की मौत हुई है, जबकि 17 घायल हुए हैं। यह हमला पहलगाम की बैसारन घाटी में किया गया, जिसमें आतंकियों ने चुन-चुनकर लोगों को निशाना बनाया। जिसको लेकर पूरे देश में उबाल है। लोग सरकार से मांग कर रहे हैं कि पाकिस्तान पर बड़ी कार्रवाई की जाए। सरकार ने देरशाम पाकिस्तान पर कई तरह के प्रतिबंध भी लगाए हैं।

 

 

Exit mobile version