Site icon News1India

गुरुद्वारे में मत्था टेक बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे राहुल गांधी, सामने आया वीडियो

Rahul Gandhi

Rahul Gandhi : पंजाब इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में है, जिसने राज्य के कई जिलों में तबाही मचा दी है। इसी बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार, 15 सितंबर को अमृतसर पहुंचे। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने गुरुद्वारा श्री समाध बाबा बुधा जी साहिब (रामदास) में मत्था टेक कर की। उन्होंने पंजाब की शांति, समृद्धि और पुनर्निर्माण के लिए अरदास की और संगत के साथ मुलाकात कर हालचाल जाना।

राहुल गांधी ने आज पंजाब के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा भी किया। कांग्रेस पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, वह किसानों, मज़दूरों और बाढ़ से प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। इस विनाशकारी बाढ़ ने हजारों लोगों को बेघर कर दिया है और कई गांवों का संपर्क मुख्य सड़कों से टूट गया है। वहीं, हजारों एकड़ खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हो चुकी हैं।

पंजाब में अब तक 56 लोगों की मौत

राज्य इस समय पिछले कई वर्षों की सबसे गंभीर बाढ़ से जूझ रहा है। इसका कारण सतलुज, व्यास और रावी नदियों का उफान, साथ ही हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश को बताया जा रहा है। इससे जुड़ी मौसमी नदियां और नाले भी खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं।

यह भी पढ़ें : करोल बाग की गफ्फार मार्केट में लगी भीषण आग…

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 56 लोगों की जान इस प्राकृतिक आपदा में जा चुकी है। साथ ही, करीब 1.98 लाख हेक्टेयर में खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं।

राहत कार्यों के लिए केंद्र की सहायता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 सितंबर को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद केंद्र सरकार ने पंजाब को 1,600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राहत राशि देने की घोषणा की। यह राशि पहले से स्वीकृत 12,000 करोड़ रुपये के पैकेज से अलग होगी।

Exit mobile version