RailOne App: जनरल टिकट के लिए रेलवे का आसान तरीका, कैसे घर बैठे बुक करें टिकट और पाएं 3% छूट

रेलवे के RailOne App से यात्री घर बैठे अनारक्षित जनरल टिकट बुक कर सकते हैं। डिजिटल भुगतान की सुविधा के साथ 3% छूट का लाभ भी मिल सकता है और मोबाइल में क्यूआर कोड टिकट सुरक्षित रहेगा।

RailOne App General Ticket Booking

Easy Booking: अगर आपका सफर अक्सर ट्रेन से होता है और आप जनरल डिब्बे में यात्रा करते हैं, तो रेलवे की यह सुविधा आपके लिए काफी काम की हो सकती है। अब अनारक्षित टिकट लेने के लिए स्टेशन के टिकट काउंटर पर लंबी लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारतीय रेलवे यात्रियों को RailOne App के जरिए मोबाइल से टिकट बुक करने की सुविधा दे रहा है। इससे यात्री स्टेशन पहुंचने से पहले ही अपना टिकट फोन में सुरक्षित रख सकते हैं और सफर को आसान बना सकते हैं।

रेल वन से सुविधा

रेलवे की इस सुविधा के बारे में डीआरएम प्रयागराज ने भी अपने एक्स अकाउंट के जरिए जानकारी साझा की है। उन्होंने यात्रियों को ‘सफर की शुरुआत, रेल वन ऐप के साथ’ संदेश देते हुए डिजिटल तरीके से अनारक्षित टिकट बुक करने की सुविधा के बारे में बताया। इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा उन यात्रियों को मिलेगा, जिन्हें रोजाना या अक्सर जनरल कोच में सफर करना पड़ता है। टिकट काउंटर पर भीड़ कम होने से यात्रियों का समय भी बचेगा।

टिकट पर छूट

RailOne App से टिकट बुक करने वाले यात्रियों को भुगतान के दौरान 3 प्रतिशत की छूट भी मिल सकती है। रेलवे का उद्देश्य डिजिटल टिकटिंग और ऑनलाइन भुगतान को बढ़ावा देना है। ऐप पर यात्री यूपीआई, नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड जैसे विकल्पों से भुगतान कर सकते हैं। यानी टिकट लेने के लिए लाइन में लगने की परेशानी कम होगी और डिजिटल बुकिंग के जरिए पैसे की बचत का फायदा भी मिल सकता है।

ऐसे करें बुकिंग

सबसे पहले मोबाइल के प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से RailOne App डाउनलोड करें। ऐप खोलने के बाद जरूरी परमिशन देने के बाद अपने अकाउंट से लॉगइन करें। अगर पहले से IRCTC अकाउंट है तो उसी यूजरनेम और पासवर्ड से लॉगइन किया जा सकता है। नए यात्री मोबाइल नंबर और ओटीपी की मदद से अकाउंट बना सकते हैं। इसके बाद होम स्क्रीन पर Book Tickets विकल्प चुनें और फिर Unreserved Ticket पर जाएं।

मोबाइल में टिकट

अब यात्रा शुरू करने वाले स्टेशन और गंतव्य स्टेशन की जानकारी भरें। इसके बाद यात्रा की तारीख चुनकर डिजिटल माध्यम से भुगतान करें। पेमेंट पूरा होते ही टिकट मोबाइल स्क्रीन पर क्यूआर कोड के साथ उपलब्ध हो जाएगा। यात्री इस टिकट को अपने फोन में सुरक्षित रख सकते हैं। इस तरह स्टेशन पहुंचने से पहले ही जनरल टिकट तैयार रहेगा और काउंटर की लंबी लाइन में समय बर्बाद नहीं करना पड़ेगा।

Exit mobile version