Site icon News1India

Rajasthan News : अजमेर में 250 दुकानों पर चलेगा बुलडोजर, वन विभाग की जमीन मुक्ती पर बड़ी कार्रवाई , भारी पुलिस बल तैनात

Rajasthan News

Rajasthan News : अजमेर के प्रसिद्ध तारागढ़ पहाड़ियों पर वन विभाग की जमीन पर लंबे समय से हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार से बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अभियान में वन विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर लगभग 250 अवैध निर्माणों को चिह्नित किया है, जिनमें से करीब 200 केबिन जैसी दुकानें शामिल हैं। इन सभी निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया तेज़ी से जारी है।

मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है और प्रत्येक सेक्टर में एक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है, जो कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही, वन विभाग के अधिकारी भी लगातार मौजूद रहकर अभियान की प्रगति पर नज़र रख रहे हैं। अब तक करीब 40% अतिक्रमण को गिराया जा चुका है।

लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें

प्रशासन के अनुसार, तारागढ़ क्षेत्र में वर्षों से अवैध निर्माणों को लेकर शिकायतें मिलती रही हैं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर वन विभाग ने पहले 300 से अधिक अवैध निर्माणों को चिन्हित किया था। इनमें से कुछ अतिक्रमणकर्ताओं ने हाईकोर्ट से स्थगन आदेश (Stay Order) ले रखा है, जिन्हें फिलहाल कार्रवाई से अलग रखा गया है। जिन निर्माणों पर कोई कानूनी अड़चन नहीं है, उनके खिलाफ बुलडोजर एक्शन जारी है।

यह भी पढ़ें : ‘कसाई’ ने सुमन के तोड़े हाथ-पैर फिर पेट फाड़कर निकाला लीवर, दरिंदगी से महिला…

पुलिस ने की कड़ी निगरानी

अजमेर की पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने जानकारी दी कि यह अभियान वन विभाग की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, थानाधिकारी और एसटीएफ (विशेष कार्य बल) की टीमें मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान मीडिया की एंट्री पर भी रोक लगा दी है, ताकि ऑपरेशन में किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न न हो।

Exit mobile version