Site icon News1India

Political Surprise : वोट के लिए कुछ भी करेगा, BJP के दिग्गज नेता ने मंच से पढ़ा इस्लाम का पहला कलमा

हिंदुत्व की राजनीति करने वाली भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ का राजस्थान के चूरू में अलग अंदाज देखने को मिला। पिथीसर गांव में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने इस्लाम का पहला कलमा पढ़ा। उन्होंने कहा, ”मेरा बस एक ही निवेदन है। खुदा एक है, भगवान एक है।” इसके बाद उन्होंने ‘ला इलाहा इल्लल्लाह मुहम्मदुर रसूलुल्लाह’ पढ़ा। इस पर सभा में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। राठौड़ की बहू कनिका सिंह चूरू जिला परिषद चुनाव में वार्ड 23 से भाजपा की उम्मीदवार हैं।

गांधी के भजन भी गाए

राजेंद्र राठौड़ ने महात्मा गांधी के प्रार्थना गीत की पंक्तियां भी गाईं। उन्होंने कहा, ”ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, सबको सद्बुद्धि दे भगवान।” इसके साथ ही उन्होंने इंसानियत, मोहब्बत और एकता का संदेश देते हुए कहा कि सभी लोग एक हैं और सबकी रगों में एक ही खून दौड़ रहा है। इससे पहले उनकी बहू कनिका सिंह भी एक सभा में अस्सलामु-अलैकुम कहकर लोगों का अभिवादन कर चुकी हैं। उनके चुनाव क्षेत्र में बड़ी संख्या में कायमखानी मुस्लिम मतदाता रहते हैं।

भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने

राठौड़ के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अलग प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह कलमा नहीं था और लोगों को इसकी सही जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें कलमे का एक-एक शब्द याद है। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने भाजपा और आरएसएस की विचारधारा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में वोट हासिल करने के लिए भाजपा नेता गांधी के भजन गा रहे हैं, जबकि उनकी राजनीति समाज को बांटने वाली है।

सात बार रहे विधायक

राजेंद्र राठौड़ राजस्थान की राजनीति के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वह 1990 से 2023 के बीच सात बार विधायक चुने गए। उन्होंने 1990 में जनता दल के टिकट पर चूरू से पहली जीत दर्ज की थी। इसके बाद 1993, 1998, 2003, 2008, 2013 और 2018 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा पहुंचे। 2013 से 2018 तक राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे। उनके बेटे पराक्रम राठौड़ भी जिला परिषद के वार्ड 39 से चुनाव लड़ रहे हैं।

Exit mobile version