Site icon News1India

Army Legend :राजनाथ सिंह ने सिक्किम में किस बाबा के मंदिर में टेका माथा, चीन की सेना भी क्यों छोड़ती है खाली कुर्सी?

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हालिया सिक्किम दौरे के बाद भारतीय सेना के एक ऐसे शहीद जवान की कहानी फिर चर्चा में है, जिनके बारे में सैनिकों के बीच आज भी कई मान्यताएं प्रचलित हैं। राजनाथ सिंह ने अग्रिम मोर्चों के दौरे के दौरान शेरथांग युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे बाबा हरभजन सिंह के प्रसिद्ध मंदिर पहुंचे और माथा टेका।

कौन थे बाबा हरभजन

बाबा हरभजन सिंह भारतीय सेना की पंजाब रेजिमेंट की 23वीं बटालियन में सिपाही थे। उनकी तैनाती पूर्वी सिक्किम में थी। अक्टूबर 1968 में नाथू ला के पास खच्चरों के काफिले के साथ जाते समय वे एक नाले में फिसल गए और उनकी मौत हो गई।

कई दिनों की तलाश के बाद उनका पार्थिव शरीर बरामद हुआ। मान्यता है कि उन्होंने सपने में अपने एक साथी सैनिक को आकर शव की सही जगह बताई थी। इसके बाद सेना के जवानों के बीच उन्हें लेकर आध्यात्मिक मान्यताएं प्रचलित हो गईं।

आज भी करते हैं पहरेदारी

भारतीय सेना के जवानों और स्थानीय लोगों के बीच मान्यता है कि बाबा हरभजन सिंह आज भी भारत-चीन सीमा पर देश की रक्षा करते हैं। सैनिकों का विश्वास है कि वे रात में सीमा पर गश्त लगाते हैं।

उनके मंदिर और कमरे में आज भी सैन्य अनुशासन का खास ध्यान रखा जाता है। उनकी वर्दी प्रेस करके रखी जाती है और जूते पॉलिश किए जाते हैं। मान्यता के अनुसार, सुबह बिस्तर पर सिलवटें और जूतों पर कीचड़ मिलने को उनकी रात की गश्त से जोड़कर देखा जाता है।

मिला मानद कैप्टन का दर्जा

बाबा हरभजन सिंह को मरणोपरांत पदोन्नति देकर मानद कैप्टन का दर्जा दिया गया था। उनकी सालाना छुट्टी की परंपरा भी काफी चर्चा में रही। बताया जाता है कि छुट्टी के दौरान उनका सामान ट्रेन से पंजाब स्थित पैतृक गांव भेजा जाता था और इसके लिए सीट भी आरक्षित की जाती थी।

चीन की सेना भी करती है सम्मान

बाबा हरभजन सिंह की कहानी केवल भारत तक सीमित नहीं है। नाथू ला में भारत और चीन के बीच होने वाली फ्लैग मीटिंग के दौरान चीनी सेना की ओर से भी उनके सम्मान में एक कुर्सी खाली छोड़े जाने की बात कही जाती है। यह परंपरा इस लोकगाथा को और खास बनाती है।

किताब में भी है जिक्र

पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने अपनी पुस्तक ‘द क्यूरियस एंड द क्लासिफाइड’ में बाबा हरभजन सिंह की इस लोकगाथा का उल्लेख किया है। करीब 13,123 फीट की ऊंचाई पर स्थित उनका मंदिर आज भी सैनिकों और पर्यटकों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

उनकी कहानी भारतीय सेना में शहादत, सम्मान और सैनिकों की अटूट आस्था का अनूठा उदाहरण मानी जाती है।

Exit mobile version