RBI Update: क्या 2000 का नोट अभी भी वैध है , RBI ने दी बड़ी जानकारी, जानिए अब इसे कैसे बदले

RBI ने स्पष्ट किया है कि 2000 रुपये का नोट अभी भी वैध है। हालांकि बैंक शाखाओं में इसे बदलने की सुविधा बंद हो चुकी है। अब नोट RBI के 19 इश्यू ऑफिस या इंडिया पोस्ट के जरिए ही जमा किए जा सकते हैं।

RBI 2000 Rupee Note Update:अगर आपके पास अभी भी 2000 रुपये का नोट रखा हुआ है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक बार फिर साफ किया है कि 2000 रुपये का नोट अभी भी पूरी तरह लीगल टेंडर (वैध मुद्रा) है। यानी इस नोट की कानूनी मान्यता खत्म नहीं हुई है। हालांकि, सामान्य बैंक शाखाओं में इसे बदलने या जमा करने की सुविधा पहले ही बंद हो चुकी है, इसलिए अब इसके लिए RBI द्वारा तय किए गए तरीके अपनाने होंगे।

बैंकों में नहीं बदलेंगे 2000 रुपये के नोट

RBI ने 19 मई 2023 को 2000 रुपये के नोट को चलन से वापस लेने का फैसला किया था। इसके बाद आम बैंक शाखाओं में नोट बदलने और जमा करने की सुविधा 7 अक्टूबर 2023 तक दी गई थी। अब यह समयसीमा समाप्त हो चुकी है। इसलिए यदि आपके पास अब भी 2000 रुपये के नोट हैं, तो उन्हें सामान्य बैंक शाखा में बदलना संभव नहीं होगा। इसके लिए RBI ने दो आधिकारिक विकल्प उपलब्ध कराए हैं।

पहला विकल्प, RBI के 19 इश्यू ऑफिस जाएं

यदि आप 2000 रुपये का नोट बदलना या उसकी राशि अपने बैंक खाते में जमा कराना चाहते हैं, तो आप देशभर में मौजूद RBI के 19 इश्यू ऑफिस में जा सकते हैं। ये कार्यालय 19 मई 2023 से लगातार यह सुविधा दे रहे हैं। यहां जाकर आप नोट बदलवा सकते हैं या उसे अपने बैंक खाते में जमा करा सकते हैं।

RBI के 19 इश्यू ऑफिस इन शहरों में स्थित हैं: अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम।

दूसरा विकल्प, डाकघर के जरिए भेजें

अगर आपके शहर में RBI का इश्यू ऑफिस नहीं है या आप वहां नहीं जा सकते, तो भी चिंता की बात नहीं है। आप देश के किसी भी डाकघर से इंडिया पोस्ट के माध्यम से अपने 2000 रुपये के नोट RBI के किसी भी इश्यू ऑफिस भेज सकते हैं। जैसे ही नोट संबंधित कार्यालय में पहुंचेंगे, उनकी जांच के बाद पूरी राशि सीधे आपके बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी। यह सुविधा उन लोगों के लिए काफी उपयोगी है जो दूर-दराज के इलाकों में रहते हैं।

घबराने की नहीं, सही प्रक्रिया अपनाने की जरूरत

RBI ने साफ किया है कि 2000 रुपये का नोट अभी भी वैध है। इसलिए अफवाहों पर भरोसा करने के बजाय केवल RBI द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी का पालन करें। यदि आपके पास ऐसे नोट हैं, तो तय प्रक्रिया के अनुसार उन्हें RBI के इश्यू ऑफिस में जमा करें या इंडिया पोस्ट के माध्यम से भेज दें। इससे आपकी राशि सुरक्षित तरीके से आपके बैंक खाते में पहुंच जाएगी।

Exit mobile version