RBI New Governor: RBI के नए गवर्नर संजय मल्होत्रा होंगे और उनका कार्यकाल अगले तीन वर्षों के लिए होगा। वह मौजूदा गवर्नर शक्तिकांत दास की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 10 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। उल्लेखनीय है कि 2022 में, डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (DFS) के सचिव संजय मल्होत्रा को केंद्र सरकार ने रिजर्व बैंक (RBI New Governor) के निदेशक के रूप में नियुक्त किया था।
जानें कौन हैं संजय मल्होत्रा
संजय मल्होत्रा 1990 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। नवंबर 2020 में, वह आरईसी के चेयरमैन और एमडी बने थे। इसके पहले, उन्होंने ऊर्जा मंत्रालय में अडिशनल सेक्रेटरी के रूप में भी कार्य किया था। संजय मल्होत्रा ने अपनी इंजीनियरिंग की डिग्री आईआईटी कानपुर से प्राप्त की, और इसके बाद प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से अपना मास्टर्स किया। पिछले 30 वर्षों में, मल्होत्रा ने पावर, फाइनेंस, टैक्सेशन, आईटी और माइंस जैसे विभागों में महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं।
यह भी पढ़े: डी गुकेश का शानदार प्रदर्शन, विश्व चैंपियन बनने की राह में चीन के खिलाड़ी को हराया!
मल्होत्रा क्यों बनें सरकार की पहली पसंद
रिजर्व बैंक का कामकाज सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा संचालित किया जाता है, और संजय मल्होत्रा के पास इसका पर्याप्त अनुभव है। इसी कारण कहा जा रहा है कि सरकार ने उन्हें गवर्नर के पद पर नियुक्त किया है। यह बोर्ड रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया एक्ट के तहत सरकार द्वारा गठित किया जाता है। सरकार डायरेक्टर्स की नियुक्ति या नामांकन करती है, जो कि चार साल के लिए होता है।
बोर्ड दो भागों में बंटा होता है- पहला ऑफिशियल डायरेक्टर्स, जिसमें फुल टाइम गवर्नर और अधिकतम 4 डिप्टी गवर्नर्स शामिल होते हैं। दूसरा हिस्सा नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर्स का होता है जिसमें दो सरकारी अधिकारियों सहित कुल 10 डायरेक्टर्स नियुक्त किए जाते हैं और बाकी चार डायरेक्टर्स क्षेत्रीय बोर्ड से शामिल किए जाते हैं।