Site icon News1India

Special Stamp and Coin Released:RSS शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य पर प्रधानमंत्री मोदी ने जारी किया डाक टिकट और सिक्का

RSS 100th Anniversary Celebration:देशभर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल पूरे होने का उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने RSS के शताब्दी समारोह पर खास प्रकार का डाक टिकट और स्मारक सिक्का जारी किया। यह पहला मौका है जब आजादी के बाद किसी संघ के लिए डाक टिकट और सिक्का जारी किया गया है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है।

समारोह का आयोजन और पीएम मोदी की भागीदारी

राजधानी दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में RSS के शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने संघ को विशेष सम्मान देते हुए डाक टिकट और सिक्का जारी किया।

RSS के 100 साल पर जारी डाक टिकट

पीएम मोदी द्वारा जारी किया गया डाक टिकट बहुत ही खास है। इसपर RSS कार्यकर्ताओं की परेड की तस्वीर दिखाई गई है। यह तस्वीर 1963 की ऐतिहासिक परेड की है।

असल में 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान RSS ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके चलते तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने RSS से 26 जनवरी की गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेने का अनुरोध किया। 26 जनवरी 1963 को राजपथ (अब कर्तव्यपथ) पर RSS कार्यकर्ताओं की यह ऐतिहासिक परेड आयोजित हुई थी।

स्मारक सिक्के में भारत माता और संघ की झलक

RSS की शताब्दी के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने शुद्ध चांदी का स्मारक सिक्का भी जारी किया। इस सिक्के के एक ओर राष्ट्रीय चिन्ह है और दूसरी ओर सिंह के साथ वरद मुद्रा में भारत माता की भव्य छवि दिखाई देती है। सिक्के की कीमत 100 रुपये रखी गई है।

सिक्के के सामने वाले हिस्से पर अशोक स्तंभ का चिन्ह है, जबकि पिछले हिस्से पर भारत माता की पारंपरिक छवि और RSS कार्यकर्ताओं की तस्वीर भी मौजूद है। सिक्के के ऊपर संघ का बोध वाक्य अंकित है – “राष्ट्राय स्वाहा, इदं राष्ट्राय इदं न मम”।

RSS की स्थापना और ‘संघ परिवार’

100 साल पहले, 27 सितंबर 1925 को डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने RSS की नींव रखी थी। महाराष्ट्र के नागपुर में इस संगठन की शुरुआत हुई थी, और अब इसके शाखाएं पूरे देश में फैल चुकी हैं। RSS से जुड़े लोगों को आमतौर पर ‘संघ परिवार’ के नाम से जाना जाता है।

RSS के 100 साल पूरे होने का यह उत्सव संगठन के इतिहास और योगदान को याद करने का खास मौका है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जारी किया गया डाक टिकट और सिक्का संघ की सेवाओं और देशभक्ति की सराहना है। यह आयोजन आजादी के बाद संघ के लिए पहला बड़ा सम्मान माना जा रहा है।

Exit mobile version