Sahara Refund Portal: सहारा समूह की सहकारी समितियों में पैसा फंसने वाले निवेशकों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने सहारा रिफंड पोर्टल को दोबारा चालू कर दिया है। पोर्टल के फिर से लाइव होने के बाद करीब 20 लाख लंबित दावों की जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। पात्र निवेशकों को उनके अटके पैसे की वापसी का रास्ता भी साफ होने की उम्मीद है।
अब तक 42 लाख निवेशकों को मिला पैसा
सहकारिता मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अब तक करीब 42 लाख जमाकर्ताओं को कुल 9,267 करोड़ रुपये वापस किए जा चुके हैं। सहारा रिफंड पोर्टल की शुरुआत जुलाई 2023 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद की गई थी।
इस पोर्टल का उद्देश्य सहारा समूह की सहकारी समितियों में जमा रकम के पात्र दावेदारों की पहचान कर उन्हें उनका पैसा वापस करना है। पात्र निवेशकों को राशि उनके आधार से जुड़े बैंक खातों में DBT के माध्यम से भेजी जाती है।
चार सहकारी समितियों के निवेशकों को मिल रहा रिफंड
रिफंड प्रक्रिया सहारा समूह की चार सहकारी समितियों के पात्र जमाकर्ताओं के लिए है। इनमें सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी, सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी, हमारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी और स्टार्स मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी शामिल हैं।
पोर्टल के दोबारा शुरू होने से पहले से लंबित करीब 20 लाख दावों की स्क्रूटनी आगे बढ़ाने की तैयारी है।
क्यों रुकी थी रिफंड प्रक्रिया?
रिफंड प्रक्रिया में तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं के कारण देरी हुई थी। समितियों के IT इंफ्रास्ट्रक्चर, सॉफ्टवेयर लाइसेंस, कंप्यूटर सिस्टम के रखरखाव और प्रशिक्षित कर्मचारियों की कमी जैसी समस्याएं सामने आई थीं।
इसके अलावा नवंबर 2025 में कुछ विवादों के चलते समितियों के परिसरों को सील किए जाने से रिकॉर्ड के मिलान और सत्यापन का काम भी प्रभावित हुआ था। सहकारिता मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद इन प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं को दूर करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
ऑनलाइन होगी जांच, सीधे खाते में आएगा पैसा
रिफंड के लिए निवेशकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है।
दावे में दी गई जानकारी जैसे जमाकर्ता का नाम, सदस्यता संख्या, जमा से जुड़े दस्तावेज और बैंक खाते की जानकारी संबंधित रिकॉर्ड से मिलाई जाती है। सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र राशि सीधे निवेशक के बैंक खाते में भेजी जाती है।
सिर्फ आधिकारिक पोर्टल पर करें आवेदन
निवेशकों को फर्जी वेबसाइटों, एजेंटों और बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। रिफंड से संबंधित आवेदन केवल आधिकारिक CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल पर ही करें।
अगर पहले किए गए आवेदन में कोई कमी या आपत्ति बताई गई है, तो पोर्टल पर उपलब्ध निर्देशों के अनुसार जरूरी जानकारी या दस्तावेज अपडेट किए जा सकते हैं।
