Site icon News1India

Shimla: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की तबीयत खराब, शिमला के IGMC में चल रहा इलाज

Sonia Gandhi

Sonia Gandhi: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की तबीयत शनिवार को अचानक बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) लाया गया। डॉक्टरों ने एहतियातन उन्हें स्पेशल वार्ड में भर्ती किया है जहां उनकी ECG और MRI जैसी महत्वपूर्ण जांचें की जा रही हैं। सोनिया गांधी फिलहाल स्थिर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

सोनिया गांधी इस समय अपनी बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ शिमला के छराबड़ा स्थित निजी आवास में छुट्टियां मना रही थीं। वह सोमवार को शिमला पहुंची थीं और यह उनका निजी दौरा था।

शनिवार को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें IGMC के रेडियोलॉजी विभाग ले जाया गया जहां उनकी पूरी मेडिकल जांच की गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जैसे ही इस बात की जानकारी मिली उन्होंने अपना दो दिवसीय ऊना दौरा बीच में ही छोड़ दिया और तुरंत शिमला रवाना हो गए। हिमाचल प्रदेश सरकार भी मामले को गंभीरता से ले रही है।

यह भी पढ़े: जुलाई से बदल जाएंगे GST के नियम, तय समय में भरना होगा रिटर्न, जानिए क्या पड़ेगा असर!

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से सोनिया गांधी की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि सोनिया गांधी को मामूली स्वास्थ्य समस्याओं के चलते नियमित जांच के लिए अस्पताल लाया गया था उनकी स्थिति स्थिर है और घबराने की कोई बात नहीं है।

IGMC में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और अस्पताल प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं की नजरें लगातार सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की सेहत पर टिकी हुई हैं।

Exit mobile version