Site icon News1India

Book Revelations : सोनिया गांधी ने किताब में खोले संजय-मेनका के रिश्तों के राज, इंदिरा गांधी क्यों थीं परेशान?

Sanjay-Maneka Relationship: सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में गांधी परिवार से जुड़े कई अनसुने किस्से साझा किए हैं। उन्होंने देवर संजय गांधी और मेनका गांधी के रिश्ते की शुरुआत से लेकर परिवार में बढ़ते तनाव तक का जिक्र किया है। सोनिया के मुताबिक, 1973 के अंत में संजय गांधी की मुलाकात मेनका आनंद से अपने एक स्कूल मित्र की मंगनी में हुई थी। मेनका उनसे 10 साल छोटी थीं। वह सेना के एक अधिकारी की बेटी थीं और लेडी श्रीराम कॉलेज में पढ़ाई के साथ थोड़ी मॉडलिंग भी करती थीं।

शादी को लेकर इंदिरा की चिंता

सोनिया लिखती हैं कि रिश्ते की शुरुआत के कुछ ही दिनों बाद संजय ने इंदिरा गांधी से शादी करने की इच्छा जताई। यह सुनकर इंदिरा हैरान रह गईं। उन्होंने संजय को कुछ समय इंतजार करने की सलाह दी। उस समय मेनका नाबालिग थीं, इसलिए शादी के लिए उनके 18 साल पूरे होने जरूरी थे।

इंदिरा को दोनों की उम्र के अंतर से भी चिंता थी। इसके अलावा उन्हें जानकारी मिली थी कि मेनका की मां अमतेश्वर आनंद शादी की तारीख तय करने के लिए संजय पर दबाव बना रही थीं। इंदिरा ने संजय के करीबी दोस्त से इसकी पुष्टि भी की थी।

घर में बढ़ने लगी तल्खी

संजय के फैसले के आगे इंदिरा को झुकना पड़ा और सितंबर 1974 में दोनों की शादी हो गई। सोनिया के मुताबिक, मेनका शुरुआत में बेहद जिंदादिल, बातूनी और उत्साही थीं। उन्हें मेनका का साथ अच्छा लगता था। प्रियंका भी उनके कमरे में जाकर कहानियां सुना करती थीं। लेकिन धीरे-धीरे परिवार का माहौल बदलने लगा। सोनिया बताती हैं कि उन्हें घर में बहूरानी और मेनका को छोटी बहूरानी कहा जाता था। सोनिया दोनों को परिवार की बेटियां और बराबर का हिस्सा मानती थीं, लेकिन मेनका को यह संबोधन शायद पसंद नहीं था। उनके बीच कई बार तीखी बातचीत भी हुई।

संजय- मेनका में मतभेद

सोनिया ने लिखा कि संजय और मेनका के बीच भी अक्सर तेज आवाज में बहस होती थी। गुस्से में मेनका गालियां तक दे देती थीं, यहां तक कि इंदिरा गांधी के सामने भी। सोनिया का मानना था कि संयुक्त परिवार का अनुशासित माहौल मेनका के स्वभाव के अनुकूल नहीं रहा होगा। बाद में मेनका ने संजय के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों में जाना शुरू किया। उन्होंने अपनी मां के साथ मिलकर ‘सूर्या’ मैगजीन भी शुरू की, जिसमें उनकी मां निदेशक और मेनका संपादक थीं।

इंदिरा को किस बात की चिंता

सोनिया के अनुसार, आपातकाल के दौरान संजय गांधी के काम करने के तरीके से कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता नाराज थे। उन पर मनमाने फैसले लेने के आरोप लग रहे थे। इस दौरान इंदिरा गांधी मेनका की भूमिका को लेकर भी चिंतित थीं।

सोनिया लिखती हैं कि मेनका संजय को समझाने के बजाय उनके फैसलों को बढ़ावा देती थीं और कई गतिविधियों में खुद भी शामिल रहती थीं। इसी को लेकर इंदिरा गांधी ने तत्कालीन कैबिनेट सचिव पीएन धर से कहा था कि मेनका के अभी से पर निकलने लगे हैं।

Exit mobile version