Site icon News1India

Sonipat News : मोहाना टोल प्लाजा पर ग्रामीणों और टोल कर्मचारियों में हंगामा, टोलकर्मी ने लगाया हथियार लहराने का आरोप

Sonipat News

Sonipat News : देश के विभिन्न राज्यमार्गों पर नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने अलग-अलग कंपनियों को टोल प्लाजा संचालित करने की अनुमति दी है, लेकिन इसी वजह से टोल प्लाजाओं पर विवाद और हंगामों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में आज सोनीपत से होकर गुजरने वाले गोहाना-जींद राज्यमार्ग पर स्थित मोहाना टोल प्लाजा पर स्थानीय ग्रामीणों और टोल कर्मचारियों के बीच तनातनी पैदा हो गई।

घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी में एक टोल प्लाजा कर्मचारी ने पिस्टल निकालकर ग्रामीणों को धमकाने की कोशिश की। इसके तुरंत बाद पुलिस ने उसे हथियार के साथ हिरासत में लेकर थाने ले जाया, जबकि मौके पर मौजूद अधिकारियों ने विवाद को शांत कराया।

टोल कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच हुई तीखी कहासुनी

मोहाना गांव के पास नए शुरू हुए टोल प्लाजा के कारण आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे और अपने लिए रियायत की मांग करते हुए पुलिस को भी बुला लिया। बातचीत के दौरान टोल कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ते ही एक कर्मचारी ने हवा में पिस्टल लहराई और जान से मारने की धमकी दी, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। स्थानीय सरपंच और अन्य ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर भी आरोप लगाए कि वे टोल कर्मचारियों का समर्थन कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें : बीयर के साथ पकड़े गए BJP के पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया…

पुलिस की ओर से स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए मौके पर कई थानों की टीम भेजी गई और हंगामा शांत कराया गया। एसीपी देवेंद्र कुमार ने बताया कि विवाद टोल प्लाजा पर छूट को लेकर हुआ था। उन्होंने कहा कि हथियार के साथ हिरासत में लिया गया युवक से पूछताछ की जा रही है और उसके हथियार की जांच भी की जा रही है।

Exit mobile version