सितारे बनाम सियासत! खेसारी, मैथिली, रितेश और ज्योति—कौन आगे, कौन पीछे?

बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए पड़े वोटों की आज गिनती जारी है। ऐसे में यह जानना दिलचस्प है कि चुनावी मैदान में उतरे मनोरंजन जगत के सितारे किस स्थिति में हैं और उनकी चुनावी किस्मत का रुख किस ओर है।

Bihar Election Result 2025

Bihar Election Result 2025 : बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनावों की मतगणना आज जारी है। सुबह 8 बजे शुरू हुई गिनती के बाद अब राज्य की राजनीतिक तस्वीर धीरे-धीरे स्पष्ट होती जा रही है। शुरुआती रुझानों में एनडीए एक बार फिर सरकार बनाते दिख रहा है, जबकि तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाला महागठबंधन पिछड़ता दिखाई दे रहा है। इस चुनाव में मनोरंजन जगत से जुड़े कई नाम भी मैदान में थे। आइए जानते हैं—इन दिग्गजों की चुनावी स्थिति क्या है? कौन आगे है और कौन पीछे?

छपरा विधानसभा सीट इस बार सुर्खियों में है क्योंकि यहां भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव आरजेडी उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। शुरुआत में उन्होंने बढ़त बनाई थी, लेकिन कुछ राउंड की गिनती के बाद तस्वीर बदल गई है।बीजेपी उम्मीदवार छोटी कुमारी अब खेसारी लाल यादव से आगे निकल चुकी हैं और उनकी लीड बढ़ती दिखाई दे रही है।

अलीनगर सीट से मैथिली ठाकुर ने बनाई मजबूत बढ़त

लोकगीत गायकी में पहचान बना चुकीं मैथिली ठाकुर ने इस बार भाजपा उम्मीदवार के रूप में अलीनगर से चुनाव लड़ा है। शुरुआती दो राउंड के बाद वे लगभग 4573 वोटों से आगे चल रही हैं। राजद प्रत्याशी बिनोद मिश्रा फिलहाल दूसरे नंबर पर हैं, जबकि प्रशांत किशोर की पार्टी इस सीट पर पीछे है।

चौथे स्थान पर पहुंचे रितेश पांडे

भोजपुरी गायक रितेश पांडे ने इस बार जन सुराज पार्टी के टिकट पर करगहर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक किस्मत आजमाई। हालांकि शुरुआती रुझानों में रितेश अच्छी शुरुआत नहीं कर पाए और वे चौथे स्थान पर दिख रहे हैं। भाजपा और राजद दोनों इस सीट पर प्रमुख दावेदार बने हुए हैं।

यह भी पढ़ें : NDA को स्पष्ट बहुमत, नीतीश कुमार पाँचवें कार्यकाल…

पवन सिंह नहीं उतरे, पत्नी ज्योति सिंह रेस में

भोजपुरी स्टार पवन सिंह इस बार चर्चा में तो रहे, लेकिन चुनाव नहीं लड़े। उनकी जगह उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने काराकाट सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा है। लेकिन ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक ज्योति सिंह का प्रदर्शन कमजोर रहा है और वे तीसरे नंबर पर चल रही हैं। भाजपा और राजद के उम्मीदवार उनसे आगे हैं।

Exit mobile version