Summer Special Train 2026: गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत, यूपी-बिहार से गुजरात जाना हुआ आसान लखनऊ होकर चलेंगी कई विशेष ट्रेनें

गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यूपी, बिहार और गुजरात के बीच कई समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों से लखनऊ, गोरखपुर, रक्सौल और मधुबनी के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Summer Special Train 2026

 Summer Special Train 2026: गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने गुजरात के उधना और सूरत से बिहार के जयनगर, मधुबनी और झंझारपुर तक समर स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ये ट्रेनें लखनऊ होकर गुजरेंगी, जिससे उत्तर प्रदेश और बिहार के हजारों यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन ट्रेनों में स्लीपर और जनरल कोच लगाए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्री सफर कर सकें। इन ट्रेनों के चलने से आगरा, कानपुर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर जैसे शहरों के लोगों को राहत मिलेगी। वहीं बिहार के रक्सौल, सीतामढ़ी, नरकटियागंज और मधुबनी से गुजरात जाने वाले यात्रियों की परेशानी भी कम होगी।

उधना से जयनगर के लिए चलेगी विशेष ट्रेन

ट्रेन नंबर 09041 उधना-जयनगर ग्रीष्मकालीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 16 मई से चलाई जाएगी। यह ट्रेन शनिवार रात 11:30 बजे उधना से रवाना होगी। रास्ते में सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, आगरा, कानपुर और लखनऊ होते हुए तीसरे दिन जयनगर पहुंचेगी। लखनऊ स्टेशन पर इसका समय रात 9:52 बजे रहेगा।

वापसी में ट्रेन नंबर 09042 जयनगर से 11 और 18 मई को दोपहर 3 बजे चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर और लखनऊ होते हुए तीसरे दिन सूरत पहुंचेगी।

मधुबनी के लिए भी चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने उधना से मधुबनी के लिए भी विशेष ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। ट्रेन नंबर 09045 उधना-मधुबनी स्पेशल ट्रेन 10 और 17 मई को चलेगी। यह ट्रेन उधना से रात 1:30 बजे रवाना होगी और रास्ते में कानपुर, लखनऊ, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर होते हुए मधुबनी पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 09046 मधुबनी से 11 और 18 मई को शाम 6 बजे चलेगी। यह ट्रेन अगले दिन लखनऊ और मानक नगर से गुजरते हुए तीसरे दिन सूरत पहुंचेगी।

झंझारपुर से उधना के बीच भी सुविधा

झंझारपुर और उधना के बीच भी रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ट्रेन नंबर 09048 झंझारपुर-उधना स्पेशल ट्रेन 11 और 18 मई को रात 9 बजे चलेगी। यह ट्रेन सीतामढ़ी, रक्सौल, गोरखपुर, गोंडा और लखनऊ होते हुए गुजरात पहुंचेगी।

वहीं ट्रेन नंबर 09047 उधना-झंझारपुर स्पेशल ट्रेन 10 और 17 मई को उधना से सुबह 5 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन लखनऊ होकर झंझारपुर पहुंचेगी।

रेलवे के इस फैसले से गर्मियों में सफर करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर यूपी और बिहार से गुजरात जाने वाले मजदूरों, छात्रों और परिवारों को इन ट्रेनों से बड़ा फायदा मिलेगा।

Exit mobile version