9 महीने बाद धरती पर लौटीं सुनीता विलियम्स, ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट की सफल लैंडिंग.. देखें तस्वीरें

नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्री निक हेग, बुच विल्मोर और अलेक्जेंडर गोर्बुनोव नौ महीने बाद सुरक्षित धरती पर लौट आए हैं।

Sunita Williams: नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्री निक हेग, बुच विल्मोर और अलेक्जेंडर गोर्बुनोव नौ महीने बाद सुरक्षित धरती पर लौट आए हैं। उनकी वापसी स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के जरिए हुई जिसने फ्लोरिडा के तट पर सफल लैंडिंग की। इस ऐतिहासिक लैंडिंग के बाद सभी अंतरिक्ष यात्रियों को एक-एक कर कैप्सूल से बाहर निकाला गया।

ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से बाहर आते ही सुनीता का पहला रिएक्शन

लैंडिंग के तुरंत बाद सुनीता विलियम्स जब कैप्सूल से बाहर निकलीं तो उनके चेहरे पर घर वापसी की खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कैमरे की ओर देखते हुए मुस्कुरा कर हाथ हिलाया। उनके साथ निक हेग, बुच विल्मोर और अलेक्जेंडर गोर्बुनोव ने भी सुरक्षित वापसी के बाद राहत की सांस ली। स्पेसक्राफ्ट के कैप्सूल से सबसे पहले निक हेग को बाहर निकाला गया। बाहर आते ही उन्होंने हाथ हिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। इसके बाद बारी-बारी से अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

Sunita Williams

कैसे हुई ड्रैगन की लैंडिंग?

स्प्लैशडाउन साइट पर पहले से मौजूद एक रिकवरी शिप ने दो तेज़ बोट्स की मदद से ड्रैगन कैप्सूल को सुरक्षित किया। यह प्रक्रिया यह सुनिश्चित करने के लिए की गई थी कि अंतरिक्ष यान को बिना किसी परेशानी के रिकवर किया जा सके। जांच पूरी होने के बाद कैप्सूल को रिकवरी शिप के मुख्य डेक पर चढ़ाया गया और फिर अंतरिक्ष यात्रियों को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया।

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र को कहा अलविदा

सुनीता विलियम्स (Sunita Williams) और बुच विल्मोर स्पेसएक्स के यान से पृथ्वी पर पहुंचे हैं। वे नौ महीने पहले बोइंग की एक परीक्षण उड़ान के जरिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र गए थे। मंगलवार को उन्होंने दो अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ स्पेसएक्स कैप्सूल में सवार होकर अंतरिक्ष स्टेशन को अलविदा कहा।

यह भी पढ़े: सुनीता विलियम्स ने 9 महीने अंतरिक्ष में क्या किया? वापिस आने के बाद भी आसान नहीं है राह, जानें अब किन प्रक्रियाओं से पड़ेगा गुजरना

भारतीय समयानुसार रात 3:27 बजे हुई सफल लैंडिंग

ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट ने सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात 1 बजे (ईस्टर्न टाइम) पर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र से अलग होकर पृथ्वी की ओर यात्रा शुरू की। लैंडिंग के दौरान मौसम पूरी तरह अनुकूल था और यह स्पेसक्राफ्ट भारतीय समयानुसार मंगलवार और बुधवार की रात 3:27 बजे फ्लोरिडा तट पर सफलतापूर्वक उतरा।

सुनीता विलियम्स की घर वापसी 

सुनीता विलियम्स (Sunita Williams) की सुरक्षित वापसी से वैज्ञानिक समुदाय में खुशी की लहर है। नासा और स्पेसएक्स ने इस सफल मिशन पर गर्व जताया है। यह मिशन अंतरिक्ष यात्रियों की दीर्घकालिक स्पेसफ्लाइट क्षमताओं और भविष्य में चंद्रमा और मंगल पर मानव मिशनों की तैयारी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Exit mobile version