Site icon News1India

गर्मी ने कहर बरपाना किया शुरू, दिल्ली में टूट सकता है 70 साल का रिकॉर्ड

नई दिल्ली: मार्च महीने से ही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी ने ऐसा कहर बरपा रखा है कि दिल्ली समेत उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से लू का कहर जारी है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है और अगर ऐसा हुआ तो दिल्ली में गर्मी का 70 साल का रिकॉर्ड टूट जाएगा।

वही गर्मी का सबसे बुरा हाल राजस्थान का है। यहां अधिकांश इलाकों में गर्मी पड़ रही है। आगे राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4-5 दिनों तक मध्य और पश्चिम भारत में यही स्थिति बनी रहने वाली है। लंबे समय से शुष्क मौसम ने उत्तर पश्चिमी भारत में गर्मी बढ़ा दी है। अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत में लू चलने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस है, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इसी के साथ लू चलने का अंदेशा है। वहीं 1 अप्रैल को दिल्ली में मौसम में थोड़ा बदलाव होगा और तेज हवाएं चलेंगी। लेकिन तीसरे दिन फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा और लू दर्ज की जाएगी।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। वही राजस्थान के ज्यादातर हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में कुछ दिनों तक लू जारी रहेगी। इसके तहत राज्य के अधिकांश हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक दिल्ली, राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में बारिश होने की संभावना नहीं है। केरल, कर्नाटक के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर में केवल हल्की बारिश होगी।

Exit mobile version