Flights Diverted To Lucknow: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार देर रात खराब मौसम के कारण हवाई यातायात प्रभावित हो गया। खराब मौसम और कम दृश्यता की वजह से दिल्ली पहुंचने वाले तीन विमानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। मौसम सामान्य होने के बाद सभी विमानों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
देर रात बिगड़ा दिल्ली का मौसम
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 11:30 बजे दिल्ली में मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवाओं और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के चलते एयर ट्रैफिक प्रभावित हुआ। ऐसे में दिल्ली के लिए उड़ान भर रहे कई विमानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर भेजा गया, जिनमें लखनऊ एयरपोर्ट भी शामिल रहा।
अहमदाबाद-दिल्ली फ्लाइट सबसे पहले पहुंची
अहमदाबाद से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-532 को लखनऊ डायवर्ट किया गया। यह विमान रात 12:25 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा। करीब पौने दो घंटे तक विमान पार्किंग बे में खड़ा रहा। दिल्ली में मौसम सामान्य होने के बाद विमान रात 2:14 बजे रवाना हुआ।
दो अन्य उड़ानों को भी करना पड़ा डायवर्ट
इसके बाद गुवाहाटी से दिल्ली जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-1042 को भी लखनऊ लाया गया। यह विमान रात 12:37 बजे उतरा और करीब डेढ़ घंटे बाद रात 2:06 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गया।
वहीं, चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2193 भी मौसम खराब होने के कारण लखनऊ उतारी गई। यह विमान रात 12:43 बजे एयरपोर्ट पहुंचा और दिल्ली का मौसम सुधरने के बाद रात 2:48 बजे उड़ान भर सका।
एयरपोर्ट प्रशासन रहा सतर्क
तीनों विमानों के लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़े रहने के दौरान यात्रियों को विमान के भीतर ही रखा गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट की मेडिकल टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया था।
एक सप्ताह में तीसरी घटना
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार पिछले एक सप्ताह में यह तीसरा अवसर है जब दिल्ली में खराब मौसम के कारण विमानों को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा है। मौसम की अनिश्चितता के चलते एयरलाइनों और एयरपोर्ट प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है।
