Today’s Weather : दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने दी गर्मी से राहत, मौसम हुआ खुशनुमा

देश के विभिन्न हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है। रातभर की उमस भरी गर्मी के बाद आज राजधानी दिल्ली में बारिश का दौर जारी है।

Today's Weather

Today’s Weather : दिल्ली में मानसून का प्रभाव नजर आने लगा है। आज दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जोरदार बारिश देखने को मिली, जिसमें फिरोजशाह रोड समेत अन्य स्थानों पर भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने पहले ही 5 से 9 जुलाई तक दिल्ली में बारिश का अनुमान जताया था।

मौसम विभाग के मुताबिक, 6 से 9 जुलाई तक दिल्ली में बादलों की हलचल बनी रहेगी। इन दिनों विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश और बौछारें हो सकती हैं, साथ ही गरज-चमक भी सुनाई दे सकती है। इस दौरान तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश 

इस बीच, देश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। जहां मैदानी क्षेत्रों में मानसूनी बारिश ने राहत दी है, वहीं पहाड़ी राज्यों में यह आफत बनकर बरस रही है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शनिवार को हुई मूसलधार बारिश ने स्थिति और भी गंभीर बना दी। इन राज्यों में 20 जून से 4 जुलाई तक 15 दिनों में भारी वर्षा, भूस्खलन और अन्य दुर्घटनाओं में 77 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 75 मौतें हिमाचल में और 2 उत्तराखंड में हुई हैं। 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और 30 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं।

मौसम विभाग ने दिया अपडेट 

इसके अलावा, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग स्थानों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, गोवा, कोंकण, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें : टीम इंडिया का टला बांग्लादेश दौरा , BCCI ने कहा- अब अगले…

दिल्ली में मानसून के आगमन से लोगों को ताजगी महसूस हो रही है। शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 89 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। यह शुक्रवार के मुकाबले 11 अंक अधिक था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का अनुमान है कि सोमवार तक वायु गुणवत्ता संतोषजनक बनी रहेगी। हालांकि, ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 95 के साथ सबसे अधिक प्रदूषण दर्ज किया गया, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में यह 77 के स्तर पर रहा।

Exit mobile version