Lower Berth: क्या आप ट्रेन में लोअर बर्थ चाहते हैं, लेकिन मिलती हैं ऊपर वाली सीट, जानिए इसको पाने का आसान तरीका

IRCTC के अनुसार ट्रेन टिकट बुक करते समय सही विकल्प चुनकर लोअर बर्थ मिलने के चांस बढ़ाए जा सकते हैं। सीनियर सिटीजन को प्राथमिकता मिलती है। जरूरत पड़ने पर TTE भी सीट बदलवाने में मदद कर सकता है।

Easy Ways To Get Lower Berth In Train: ट्रेन में यात्रा करते समय अधिकतर लोग लोअर बर्थ यानी नीचे वाली सीट लेना पसंद करते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह आराम है। नीचे वाली सीट पर बैठना और सोना आसान होता है। रात में बार-बार ऊपर चढ़ने की परेशानी नहीं होती। बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह सीट ज्यादा सुविधाजनक मानी जाती है।

लेकिन कई बार समय पर टिकट बुक करने के बाद भी लोअर बर्थ नहीं मिलती। ऐसे में लोग परेशान हो जाते हैं और सोचते हैं कि आखिर लोअर सीट पाने का सही तरीका क्या है।

रेलवे किन लोगों को देता है प्राथमिकता?

भारतीय रेलवे के नियमों के मुताबिक लोअर बर्थ पर सबसे पहला अधिकार सीनियर सिटीजन यात्रियों का होता है। रेलवे 60 साल या उससे ज्यादा उम्र के पुरुषों और 45 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को प्राथमिकता देता है। यही कारण है कि सामान्य कोटे वाले कई यात्रियों को लोअर सीट नहीं मिल पाती।

इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और कुछ जरूरतमंद यात्रियों को भी कई बार प्राथमिकता दी जाती है।

टिकट बुक करते समय जरूर करें यह काम

कई लोग टिकट बुकिंग के दौरान सीधे सीट बुक कर देते हैं और “Choice of Berth” वाले ऑप्शन को नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि यही सबसे जरूरी हिस्सा होता है। अगर आप लोअर बर्थ चाहते हैं, तो टिकट बुक करते समय “Lower Berth” विकल्प जरूर चुनें।

इसके साथ “Book only if lower berth allotted” वाला विकल्प भी चुन सकते हैं। इसका फायदा यह होगा कि टिकट तभी कन्फर्म होगी, जब लोअर सीट उपलब्ध होगी। हालांकि इससे टिकट वेटिंग में भी जा सकती है।

IRCTC ने क्या बताया?

हाल ही में एक यात्री ने सोशल मीडिया पर IRCTC से पूछा कि लोअर बर्थ कैसे मिल सकती है। इसके जवाब में IRCTC ने कहा कि सामान्य कोटे में सीट अलॉटमेंट पूरी तरह कंप्यूटर सिस्टम के जरिए होता है। इसमें किसी कर्मचारी का दखल नहीं होता।

IRCTC ने यह भी साफ किया कि सीनियर सिटीजन कोटा में लोअर बर्थ मिलने की संभावना ज्यादा रहती है। इसलिए पात्र यात्री उस विकल्प का फायदा उठा सकते हैं।

अगर सीट नहीं मिले तो क्या करें?

मान लीजिए आपकी टिकट कन्फर्म हो गई, लेकिन लोअर बर्थ नहीं मिली। तब भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। ट्रेन में मौजूद TTE कई बार जरूरतमंद यात्रियों की मदद कर देते हैं। अगर किसी यात्री की सीट खाली हो या कोई सीट बदलने के लिए तैयार हो जाए, तो TTE लोअर बर्थ दिलाने में सहायता कर सकता है।

इसलिए यात्रा के दौरान विनम्र तरीके से अपनी समस्या बताना फायदेमंद साबित हो सकता है।

Exit mobile version