Types of Passports in India,दुनिया के कई देशों की तरह भारत में भी नागरिकों को अलग-अलग तरह के पासपोर्ट दिए जाते हैं। हर पासपोर्ट का रंग अलग होता है और उसका इस्तेमाल भी अलग-अलग लोगों के लिए होता है। आज हम आपको बताएंगे कि भारत में कुल कितने तरह के पासपोर्ट जारी होते हैं, उनका क्या मतलब है, और किन-किन लोगों को ये पासपोर्ट मिलते हैं।
नीला पासपोर्ट – आम लोगों के लिए
भारत में सबसे ज़्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला पासपोर्ट नीले रंग का होता है। यह पासपोर्ट सामान्य नागरिकों को जारी किया जाता है जो निजी कारणों से जैसे घूमने, पढ़ाई, नौकरी या व्यापार के लिए विदेश जाते हैं। इस पासपोर्ट के साथ व्यक्ति को सामान्य सुविधाएं मिलती हैं और वीजा की प्रक्रिया भी आम तरीके से होती है।
सफेद पासपोर्ट – सरकारी काम के लिए
सफेद रंग का पासपोर्ट उन सरकारी कर्मचारियों को दिया जाता है जिन्हें किसी आधिकारिक काम के लिए विदेश यात्रा करनी होती है। यह पासपोर्ट इस बात का प्रमाण होता है कि व्यक्ति भारत सरकार की तरफ से किसी सरकारी मिशन पर जा रहा है। सफेद पासपोर्ट पर यात्रा करने वालों को कुछ विशेष सुविधाएं भी मिलती हैं।
मरून पासपोर्ट – डिप्लोमैट्स के लिए खास
मरून रंग का पासपोर्ट सबसे खास होता है। यह पासपोर्ट भारतीय राजनयिकों (डिप्लोमैट्स) और सीनियर सरकारी अधिकारियों को दिया जाता है। इस पासपोर्ट की मदद से विदेश में उन्हें कई तरह की विशेष सुविधाएं मिलती हैं, जैसे – इमिग्रेशन में आसानी, विशेष लाइन, और कुछ देशों में वीसा-फ्री एंट्री। यह पासपोर्ट एक तरह से भारत की प्रतिष्ठा और प्रतिनिधित्व का प्रतीक होता है।
भारतीय पासपोर्ट की इंटरनेशनल रैंकिंग
पासपोर्ट इंडेक्स के अनुसार, भारत का पासपोर्ट इस समय दुनिया में 85वें स्थान पर है। जबकि पिछले साल यह 80वें नंबर पर था। फिलहाल भारतीय पासपोर्ट धारक 57 देशों में बिना वीजा के यात्रा कर सकते हैं। इनमें कुछ देश वीजा ऑन अराइवल की सुविधा देते हैं और कुछ पूरी तरह वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा प्रदान करते हैं।