Ujjwala Yojana:गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के बीच प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को केंद्र सरकार की ओर से आर्थिक राहत दी जा रही है। इस योजना के तहत योग्य महिलाओं को 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर पर दो तरह की मदद मिलती है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की ओर से साझा जानकारी के मुताबिक, दोनों को मिलाकर प्रति सिलेंडर 625.24 रुपये की राहत दी जा रही है। उदाहरण के तौर पर 1267 रुपये कीमत वाला सिलेंडर लाभार्थी को करीब 642 रुपये में पड़ सकता है।
कैसे मिलती है सब्सिडी
इस आर्थिक मदद में पहली राशि 300 रुपये की है, जो सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खाते में सब्सिडी के रूप में जमा की जाती है। दूसरी मदद 325.24 रुपये की है, जिसे सरकार सिलेंडर की कीमत पर अतिरिक्त सहायता के रूप में देती है। दोनों राशियों को मिलाने पर कुल राहत 625.24 रुपये होती है। हालांकि, वास्तविक कीमत शहर में लागू एलपीजी दर और सब्सिडी की पात्रता पर निर्भर करेगी।
कब शुरू हुई योजना
केंद्र सरकार ने मई 2016 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराना है। योजना शुरू होने से पहले बड़ी संख्या में परिवार खाना पकाने के लिए लकड़ी, कोयला और गोबर के उपलों का इस्तेमाल करते थे। इससे निकलने वाला धुआं महिलाओं और बच्चों की सेहत को नुकसान पहुंचाता था। स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराकर इस समस्या को कम करना योजना का प्रमुख उद्देश्य है।
किसे मिलता है लाभ
इस योजना के तहत उन्हीं महिलाओं को सब्सिडी का लाभ मिलता है, जिन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन लिया है और निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करती हैं। अक्टूबर 2023 में केंद्र सरकार ने उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर पर 300 रुपये की लक्षित सब्सिडी को मंजूरी दी थी। यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है। सब्सिडी का लाभ लेने के लिए पात्रता और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सही होना जरूरी है।

