Site icon News1India

Vande Bharat Sleeper : वाराणसी से दिल्ली की स्लीपर ट्रेन शुरू होते ही टिकटों की मारामारी, दिवाली तक सीटें फुल, जानें किराया

Vande Bharat Sleeper Train

Vande Bharat Sleeper : वाराणसी से नई दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों में स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर जबरदस्त उत्साह है। ट्रेन का नियमित परिचालन शुरू होने से पहले ही इसकी सीटों की मांग बढ़ गई है। हालात यह हैं कि वाराणसी से दिल्ली जाने वाली ट्रेन के फर्स्ट एसी में वेटिंग शुरू हो गई है। वहीं, दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन में दीपावली यानी 8 नवंबर तक किसी भी श्रेणी में कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं है।

सोमवार से नियमित परिचालन

उत्तर प्रदेश की पहली और देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन सोमवार से शुरू होगा। यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिन वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

वापसी में नई दिल्ली से वाराणसी के लिए ट्रेन शनिवार को छोड़कर अन्य सभी दिन रात 9:40 बजे रवाना होगी। इसके वाराणसी पहुंचने का समय अगले दिन सुबह 7:10 बजे निर्धारित किया गया है।

बुकिंग खुलते ही बढ़ी मांग

रेलवे ने 1 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे इस ट्रेन की टिकट बुकिंग शुरू की थी। बुकिंग खुलते ही यात्रियों ने अपनी पसंद के अनुसार सीटें आरक्षित करानी शुरू कर दीं।

इसका असर टिकटों की उपलब्धता पर दिखाई देने लगा है। वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन के फर्स्ट एसी में रविवार सुबह 10 बजे तक वेटिंग शुरू हो गई थी। वहीं, दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन में 8 नवंबर तक थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी में कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं है।

तीन श्रेणियों में किराया

स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को तीन श्रेणियों में सफर करने का विकल्प मिलेगा। रेलवे की ओर से निर्धारित किराया इस प्रकार है:

फर्स्ट एसी: 3,030 रुपये
सेकंड एसी: 2,470 रुपये
थर्ड एसी: 1,915 रुपये

सामान्य ट्रेनों से महंगा सफर

स्लीपर वंदे भारत के थर्ड एसी में सफर करने के लिए यात्रियों को 1,915 रुपये खर्च करने होंगे। वहीं, दूसरी एक्सप्रेस ट्रेनों में इसी श्रेणी का किराया करीब 1,170 रुपये है। यानी वंदे भारत से सफर करने पर यात्रियों को 745 रुपये अधिक देने होंगे।

हालांकि, तेज रफ्तार और बेहतर यात्रा सुविधाओं के कारण इस ट्रेन को लेकर यात्रियों में खास आकर्षण है। नियमित परिचालन शुरू होने से पहले ही टिकटों की बढ़ती मांग इसका संकेत दे रही है।

Exit mobile version