Weather Today : अगर आज की बात करें तो मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के इलाकों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ राज्यों के लिए मौसम से संबंधित अलर्ट भी जारी किए गए हैं। हालांकि, मौसम में जल्द बदलाव देखने को मिल सकता है। तो चलिए जानते हैं आज का ताजा मौसम अपडेट।
अप्रैल के अंतिम सप्ताह में जहां पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड जैसे इलाकों में जबरदस्त गर्मी ने दस्तक दी थी, वहीं अब कुछ प्रमुख मौसमीय प्रणालियों की सक्रियता के कारण तापमान में थोड़ी राहत महसूस की जा रही है। यह स्थिति मई के दूसरे सप्ताह तक बनी रह सकती है। बीते 24 घंटों में देश के किसी भी हिस्से में लू (हीटवेव) की स्थिति नहीं देखी गई। तापमान की बात करें तो सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था। बाकी अधिकतर स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
प्री-मानसून बारिश में आने वाली है कमी
प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार, अगले सप्ताह से प्री-मानसून वर्षा की गतिविधियों में और गिरावट देखने को मिलेगी। इसकी वजह से देश के पूर्वी और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भागों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। इससे दिन के समय गर्मी थोड़ी ज्यादा महसूस हो सकती है, लेकिन तापमान में अचानक तेज उछाल आने की संभावना नहीं है।
इन राज्यों में चल सकती है लू
रिपोर्ट के अनुसार, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा जैसे राज्यों में आने वाले कुछ दिनों में लू की स्थिति बन सकती है। हालांकि, अगले वीकेंड से एक नया प्री-मानसून सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिससे इन इलाकों में तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
बीते 24 घंटे में कहां-कहां हुई बारिश?
पिछले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिली। इसके अलावा सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, उत्तरी कोंकण और गोवा, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ीं।
यह भी पढ़ें : LOC पर फिर बढ़ा तनाव..11 घंटे की शांति के बाद पुंछ में फिर पाकिस्तानी…
आज का मौसम कैसा रहेगा?
आज के मौसम का अनुमान लगाया जाए तो अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, गुजरात, दक्षिण राजस्थान, तमिलनाडु और रायलसीमा में भी गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसी तरह पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, उत्तरी पंजाब, दक्षिण छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में भी कहीं-कहीं मध्यम बारिश की संभावना है।