Site icon News1India

क्या है S-400 मिसाइल प्रणाली ? जानें क्यों है यह दुनिया का सबसे घातक एयर डिफेंस सिस्टम

S-400 missile

S-400 missile: भारत ने पाकिस्तान के 15 प्रमुख शहरों को निशाना बनाने की कोशिश को पूरी तरह विफल कर दिया जब पाकिस्तानी सेना ने ड्रोन और मिसाइलों के जरिए उत्तरी और पश्चिमी भारत के सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया। यह हमला 6-7 मई की रात भारत द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमलों के जवाब में था। भारतीय सेना ने अपनी अत्याधुनिक S-400 मिसाइल प्रणाली का पहली बार उपयोग कर पाकिस्तान के सभी हवाई हमलों को नाकाम कर दिया जिससे देश की हवाई सुरक्षा की ताकत का प्रदर्शन हुआ।

पाकिस्तान का हमला और भारत का जवाब

पाकिस्तानी सेना ने अवंतीपोरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज जैसे शहरों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। रक्षा मंत्रालय के अनुसार इन हमलों को भारत के एकीकृत काउंटर-यूएएस ग्रिड और S-400 ट्रायम्फ वायु रक्षा प्रणाली ने पूरी तरह निष्प्रभावी कर दिया। हमलों के मलबे को अब सबूत के तौर पर बरामद किया जा रहा है।

जवाबी कार्रवाई में भारत ने लाहौर में पाकिस्तान के वायु रक्षा रडार सिस्टम को नष्ट कर दिया जिससे पाकिस्तान में हड़कंप मच गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सशस्त्र बलों की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सटीकता अकल्पनीय और प्रशंसनीय है। हमने आतंकी ठिकानों को नष्ट किया बिना किसी निर्दोष को नुकसान पहुंचाए।

S-400 मिसाइल प्रणाली: भारत की हवाई ढाल

S-400 ट्रायम्फ, रूस द्वारा विकसित विश्व की सबसे ताकतवर वायु रक्षा प्रणालियों में से एक है जिसे भारत ने 2018 में 5 रेजिमेंट के लिए रूस से खरीदा था। यह प्रणाली अपनी लंबी रेंज, बहु-स्तरीय रक्षा और अत्याधुनिक रडार प्रणाली के लिए जानी जाती है।

लंबी रेंज: 400 किलोमीटर तक के हवाई लक्ष्यों को नष्ट करने की क्षमता।

बहु-लक्ष्य ट्रैकिंग: एक साथ 80 से अधिक लक्ष्यों को ट्रैक और नष्ट कर सकती है।

विविध खतरों से रक्षा: क्रूज मिसाइलें, बैलिस्टिक मिसाइलें, ड्रोन और लड़ाकू विमानों को निशाना बना सकती है।

उन्नत रडार सिस्टम: दुश्मन के हवाई खतरों को तुरंत पहचानने और ट्रैक करने में सक्षम।

भारत ने इस प्रणाली को देश के प्रमुख सैन्य ठिकानों पर तैनात किया है जिससे पाकिस्तान और चीन जैसे पड़ोसी देशों से आने वाले हवाई खतरों से निपटने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। S-400 की तैनाती ने भारत की हवाई रक्षा को अभेद्य बनाया है जिसका सबूत पाकिस्तान के हालिया हमलों को नाकाम करने में मिला।

यह भी पढ़े: पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को किया ध्वस्त, लाहौर में भारत की दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक

S-400 प्रणाली (S-400 missile) की तैनाती भारत के लिए सामरिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है विशेष रूप से चीन के पास भी इस प्रणाली के होने के कारण। यह प्रणाली न केवल हवाई खतरों से रक्षा करती है बल्कि भारत को क्षेत्रीय शक्ति संतुलन में एक मजबूत स्थिति प्रदान करती है। ऑपरेशन सिंदूर और S-400 के उपयोग ने यह साबित कर दिया कि भारत किसी भी आक्रमण का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

कैसा है पाकिस्तान और अंतरराष्ट्रीय माहौल

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के हमलों को “युद्ध की कार्रवाई” करार देते हुए जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है। हालांकि भारत ने स्पष्ट किया कि उसकी कार्रवाई केवल आतंकी ठिकानों तक सीमित थी और किसी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया। अंतरराष्ट्रीय समुदाय जिसमें अमेरिका और यूरोपीय संघ शामिल हैं ने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने में मदद के लिए तैयार हैं।

Exit mobile version