Political Clash: लोकसभा में बिल गिरा, बढ़ी सियासत, पीएम का आज रात राष्ट्र को संबोधन, विपक्ष और सरकार आमने-सामने

महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पास नहीं हो सका, जिसके बाद सियासत तेज हो गई। पीएम मोदी आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे और विपक्ष के आरोपों पर जवाब देकर सरकार का पक्ष स्पष्ट कर सकते हैं।

women reservation bill india politics

Women Reservation Bill :महिला आरक्षण से जुड़ा संशोधन विधेयक लोकसभा में पास नहीं हो सका, जिसके बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है। बिल गिरते ही विपक्षी दलों ने खुशी जताई, वहीं सरकार इस मुद्दे पर आक्रामक नजर आ रही है। अब इस पूरे घटनाक्रम के 24 घंटे बाद प्रधानमंत्री Narendra Modi आज रात देश को संबोधित करने वाले हैं।

आज रात होगा संबोधन

प्रधानमंत्री रात 8:30 बजे देशवासियों को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि वे इस दौरान महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों और आरोपों का जवाब दे सकते हैं। इससे पहले पीएम आज कोयंबटूर में एक रैली को भी संबोधित करेंगे, जिसके बाद उनका संदेश प्रसारित किया जाएगा।

विपक्ष पर लगातार हमला

भाजपा और एनडीए के नेता लगातार विपक्ष पर निशाना साध रहे हैं। सत्ताधारी पक्ष कांग्रेस, सपा, डीएमके और टीएमसी को महिला विरोधी बता रहा है। संभावना है कि पीएम अपने भाषण में इन आरोपों का एक-एक करके जवाब देंगे और अपनी सरकार का पक्ष स्पष्ट करेंगे।

विपक्ष ने उठाए सवाल

वहीं, कांग्रेस ने संसद के विशेष सत्र में तीन विधेयक लाने के पीछे सरकार की मंशा पर सवाल उठाए थे। विपक्ष का कहना है कि महिलाओं के नाम पर परिसीमन का खेल खेला जा रहा है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि इससे उत्तरी राज्यों को ज्यादा ताकत देने की कोशिश की जा रही है। अब सभी की नजर पीएम के जवाब पर टिकी हुई है।

रात में बनी रणनीति

जैसे ही लोकसभा में बिल गिरा, उसी रात एनडीए के नेताओं ने बैठक कर आगे की रणनीति तय कर ली। इसके बाद सुबह होते ही कांग्रेस और भाजपा दोनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी-अपनी बात रखी। भाजपा का कहना है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है।

लोकसभा में वोटिंग का हाल

शुक्रवार को जब लोकसभा में इस संशोधन विधेयक पर वोटिंग हुई, तो सरकार जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सकी। आंकड़ों के अनुसार, 298 सांसदों ने बिल के पक्ष में वोट दिया, जबकि 230 सांसद इसके खिलाफ रहे। इसी वजह से यह बिल पास नहीं हो पाया।

पीएम की अपील बेअसर

वोटिंग से पहले प्रधानमंत्री Narendra Modi ने सोशल मीडिया के जरिए सभी सांसदों से भावुक अपील की थी। उन्होंने कहा था कि सांसद अपने परिवार की महिलाओं को याद करते हुए अंतरात्मा की आवाज सुनें और इस बिल का समर्थन करें। उन्होंने इसे देश की नारीशक्ति को मजबूत करने का बड़ा अवसर बताया था, लेकिन उनकी अपील का असर वोटिंग में नहीं दिखा। अब सभी की नजर प्रधानमंत्री के संबोधन पर है। माना जा रहा है कि वे इस मुद्दे पर अपनी सरकार की रणनीति और आगे की योजना भी साफ कर सकते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि इस राजनीतिक टकराव का आने वाले समय में क्या असर पड़ता है।

Exit mobile version