Year Ender 2024: 2024 का साल देश के लिए कई दर्दनाक और हैरान करने वाली घटनाओं का गवाह बना। इस साल कुछ ऐसी घटनाएं भी सामने आई जो न केवल देशभर में चर्चा का केंद्र बनी रही बल्कि इनका असर सरकार और आम जनता दोनों पर गहरा पड़ा। आइए आपको बताते है उन प्रमुख घटनाओं (Year Ender 2024) के बारे में जिन्होंने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया।
2024 की प्रमुख घटनाएं
कोलकाता रेप केस: 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे देश में आक्रोश फैला दिया। देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए गए।
वायनाड भूस्खलन: 30 जुलाई की रात केरल के वायनाड जिले में भयंकर भूस्खलन ने कहर बरपाया। इस त्रासदी में 231 लोगों की मौत की जानकारी मिली जबकि मरने वालों की संख्या 420 से ज्यादा बताई गई। इस आपदा ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई जिससे 1200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।
बेंगलुरु हत्याकांड: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाले मामले में आरोपी ने अपनी प्रेमिका महालक्ष्मी की हत्या कर उसके शरीर के 59 टुकड़े कर फ्रिज में रख दिए। यह मामला 3 सितंबर (Year Ender 2024) को सामने आया जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया।
यह भी देखें: न्यू ईयर पार्टी में तारीफें बटोरने के लिए ये ड्रेसेस हैं परफेक्ट चॉइस
तिरुपति लड्डू विवाद: 18 सितंबर को तिरुपति मंदिर के प्रसाद लड्डू में जानवरों की चर्बी के इस्तेमाल का आरोप लगा जिससे विवाद खड़ा हो गया। इस मुद्दे ने मंदिर प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया और प्रसाद की पवित्रता पर बहस छेड़ दी।
रियासी आतंकी हमला: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में 9 जून को आतंकियों ने एक बस पर हमला किया जो शिव खोरी से कटरा जा रही थी। इस हमले और बस के खाई में गिरने से 9 लोगों की जान चली गई।
हाथरस भगदड़ कांड: 2 जुलाई को उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक धार्मिक सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 123 लोगों की मौत हो गई। सत्संग में भारी भीड़ और सुरक्षा इंतजामों की कमी इस हादसे का कारण बनी।
अब तक का सबसे गर्म साल: जलवायु परिवर्तन के प्रभाव ने 2024 को अब तक का सबसे गर्म साल बना दिया। जुलाई और अगस्त में भीषण गर्मी ने भारत समेत पूरे विश्व को प्रभावित किया जिससे जीवन के हर क्षेत्र पर गहरा असर पड़ा।