लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। उत्तर प्रदेश के झांसी में एक सनीसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के फ्रेंड्स कालोनी ग्वालियर रोड स्थित फ्लैट के अंदर से पुलिस ने निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष शिव कुमार निषाद की पत्नी नीलू रायकवार का शव संदिग्ध अवस्था में कमरे के अंदर फंदे से झूलते बरामद किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पति से विवाद के चलते नीलू फ्लैट में अकेली रह रही थी। मृतका की मां और भाई ने पति पर आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
शिव कुमार निषाद निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं। शिव कुमार की शादी नीलू से हुई थी। पति-पत्नी में विवाद हुआ। जिसके बाद नीलू पति को छोड़कर अकेले रहने लगी। बुधवार की सुबह नीलू के फ्लैट में कोई हलचल न होने पर मकान मालिक को संदेह हुआ। फ्लैट का दरवाजा खटखटाने के बाद अंदर कोई हलचल न होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो नीलू का शव पंखे से झूल रहा था। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस की सूचना पर नीलू के परिवारवाले भी आ गए। परिवारवालों ने नीलू की मौत का जिम्मेदार उसके पति को बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
नीलू के मां ने बताया कि बेटी करीब 13 साल पहले शिव प्रसाद निषाद से प्रेम विवाह किया था। शिव प्रसाद के दो बच्चे हैं। शादी के कुछ समय बाद से दोनों के बीच कलह बढ़ने लगी। इस कारण नीलू अलग रह रही थी। दीपावली पर वह बच्चों से मिलने पाल कॉलोनी सिमराहा गई थी। इसके बाद लौटकर फ्लैट पर चली गई। सुबह सूचना मिली कि नीलू ने फंदा लगाकर जान दे दी। पिछले दिनों सर्किट हाउस पहुंचे कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के समक्ष भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। नीलू ने खुद को निषाद पार्टी महिला मोर्चा की पदाधिकारी होने का दावा करते हुए निषाद पार्टी के अध्यक्ष पर बैठक की सूचना न देने का आरोप लगाते हुए मंत्री संजय निषाद से शिकायत की थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सास ने कहा कि दामाद अच्छा नहीं था। वो लड़ता था। दामाद की वजह से उसने जान दी है। हमारी लड़की कभी ऐसा नहीं कर सकती थी। मां ने कहा कि मेरी बेटी बहुत दिलेर थी। मृतक नीलू की मां ने बताया कि दामाद के कई महिलाओं से अवैध संबंध थे, जब बेटी विरोध करती थी तो दामाद नीलू के साथ मारपीट करते थे। इसी वजह से महिला ने यह कदम उठाया है। नीलू के भाई ने कहा कि करीब सालभर पहले बहन और जीजा के बीच विवाद हो गया था। बहन किराये के फ्लैट में रहती थी। हालांकि अब आना-जाना हो गया था। पुलिस जांच कर रही है। बहन के आत्महत्या करने की वजह का पता नहीं है।